
छोटे भाई के बाद अब बड़ी बहन भी राष्ट्रीय मंच पर : टौणी देवी के बारी गांव की बेटी अनुराधा चौहान का कर्तव्य पथ परेड 2026 के लिए चयन

रजनीश शर्मा। हमीरपुर
छोटे भाई के बाद अब बड़ी बहन भी राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन करने जा रही है। सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए यह दोहरी खुशी और गर्व का विषय है कि टौणी देवी कस्बे के साथ लगते बारी गांव की बेटी अनुराधा चौहान का चयन दिल्ली आरडीसी परेड 2026 के लिए हुआ है। 26 जनवरी 2026 को आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में अनुराधा कर्तव्य पथ पर कदमताल करेंगी। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह और हर्ष का माहौल है।

अनुराधा चौहान, सुनील चौहान व अर्चना चौहान की पुत्री हैं। वर्तमान में वे चंडीगढ़ स्थित बहारा यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही हैं। उनके पिता सुनील चौहान के अनुसार अनुराधा शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और बहुमुखी प्रतिभा की धनी रही हैं। शिक्षा के साथ-साथ खेल और कला के क्षेत्र में भी उन्होंने निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

कला के क्षेत्र में अनुराधा ने इंटरनेशनल अजंता–एलोरा गैलरी में अपनी पेंटिंग प्रदर्शित कर सराहना हासिल की थी। वहीं खेलों में वे बास्केटबॉल की स्टेट लेवल की प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी रह चुकी हैं। एनसीसी के माध्यम से वर्ष 2024 में गुवाहाटी में आयोजित मैराथन रेस में मेडल जीतकर उन्होंने हिमाचल प्रदेश और बहारा यूनिवर्सिटी का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया था। अब कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयन उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
शैक्षणिक उपलब्धियों की बात करें तो अनुराधा ने लिटिल पब्लिक एंजेल स्कूल, टौणी देवी से दसवीं कक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की। इसके उपरांत उन्होंने गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, टौणी देवी से अपनी आगे की पढ़ाई पूरी की और वर्तमान में चंडीगढ़ में उच्च शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। शनिवार को उनकी दिल्ली के लिए रवानगी हो चुकी है, जहां वे कर्तव्य पथ पर होने वाली परेड की कठोर तैयारियों में भाग लेंगी।
एक परिवार, दो राष्ट्रीय उपलब्धियां
यह उपलब्धि परिवार के लिए और भी खास है क्योंकि अनुराधा के छोटे भाई आदित्य का चयन पपरोला स्पोर्ट्स हॉस्टल से राष्ट्रीय अंडर-19 बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व करने हेतु हुआ है। छोटे भाई के बाद अब बड़ी बहन का राष्ट्रीय मंच पर चयन, क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
टौणी देवी कस्बे से सटे बारी गांव निवासी सुनील चौहान और अर्चना चौहान के लिए यह क्षण असीम गर्व और खुशी लेकर आया है। अनुराधा की इस सफलता पर क्षेत्रवासियों ने परिवार को शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Author: Polkhol News Himachal









