best news portal development company in india

शिमला में प्रशिक्षु डॉक्टरों और कॉलेज छात्रों के बीच खूनी संघर्ष, छह घायल

SHARE:

शिमला में प्रशिक्षु डॉक्टरों और कॉलेज छात्रों के बीच खूनी संघर्ष, छह घायल

पोल खोल न्यूज़ | शिमला

राजधानी शिमला में रविवार शाम आईजीएमसी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्रों और संजौली कॉलेज के छात्रों के बीच झड़प हो गई। यह घटना मेडिकल कॉलेज के समीप हुई, जहां दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते दर्जनों छात्र आपस में भिड़ गए और सड़क किनारे ही लात-घूंसे चलने लगे।

 

मिली जानकारी के अनुसार एमबीबीएस कर रहे छात्रों और संजौली कॉलेज के कुछ छात्रों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी, जो अचानक बेकाबू होकर झगड़े में बदल गई, जब मेडिकल कॉलेज के छात्रों को अपने साथियों के साथ मारपीट की खबर मिली, तो होस्टल से कई छात्र मौके पर पहुंच गए। इससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई. इस झड़प में करीब छह छात्र घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी से पुलिस दल मौके पर पहुंचा और अस्पताल जाकर घायलों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के अनुसार बयान मिलने के बाद इस मामले में केस दर्ज किया जाएगा। फिलहाल झगड़े की असली वजह का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस जांच में जुट गई है।

वहीं, आईजीएमसी आपातकाल विभाग के सीएमओ डॉक्टर महेश ने बताया कि ‘हमारे पास दो गुटों में मारपीट का मामला आया है, जिसमें एक डॉक्टर का गुट है दूसरा गवर्नमेंट कॉलेज के छात्रों का है, इनके बीच मारपीट हुई है और 6 लोग जख्मी हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

गौरतलब है कि यह घटना उस समय हुई है जब शिमला में वीवीआईपी मूवमेंट चल रहा है। दरअसल, जिस स्थान पर झगड़ा हुआ, वहां से कुछ ही दूरी पर शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण का समारोह होना है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु और अन्य वरिष्ठ नेता भाग लेने वाले हैं। सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी रविवार को ही शिमला पहुंची हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा रखी है। फिर भी इस तरह छात्रों के भिड़ने की घटना सामने आई है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now