
नादौन में घायल और बीमार गोवंश के उपचार की मांग, रिपब्लिक ट्रस्ट ने उपायुक्त से लगाई गुहार
सड़कों और बाजारों में घूम रहे गंभीर रूप से घायल गाय-बैल, ट्रैंक्विलाइज़र गन व आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की मांग
रजनीश शर्मा| हमीरपुर
नादौन क्षेत्र में सड़कों और बाजारों में बड़ी संख्या में घूम रहे घायल एवं बीमार गोवंश के उपचार को लेकर द रिपब्लिक ट्रस्ट ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। ट्रस्ट ने इस संबंध में उपायुक्त हमीरपुर को ज्ञापन सौंपकर गंभीर रूप से घायल गायों और बैलों का शीघ्र उपचार सुनिश्चित करने की अपील की है।
ट्रस्ट ने अपने आवेदन में बताया कि नादौन के राष्ट्रीय राजमार्गों, बाजारों और आसपास के क्षेत्रों में सैकड़ों की संख्या में आवारा गाय, बैल और अन्य गोवंश घूम रहे हैं। इनमें से लगभग 7 से 8 गोवंश गंभीर रूप से घायल एवं बीमार हैं, जिन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता की आवश्यकता है।
ट्रस्ट के सदस्यों ने इस संबंध में पशु चिकित्सालय नादौन का दौरा कर पशु चिकित्सक डॉ. संदीप पाटिल से भी मुलाकात की। डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल में घायल और आक्रामक पशुओं को सुरक्षित तरीके से पकड़ने एवं उपचार करने के लिए आवश्यक ट्रैंक्विलाइज़र dart गन (बेहोश करने वाली गन) सहित जरूरी उपकरण उपलब्ध नहीं हैं। इसके अभाव में ऐसे पशुओं का उपचार करना संभव नहीं हो पा रहा है।
ट्रस्ट ने बताया कि इस संबंध में पहले एसडीएम कार्यालय नादौन को भी आवेदन दिया गया था, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
अपने ज्ञापन में ट्रस्ट ने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि आवश्यक उपकरणों की जल्द व्यवस्था कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए जाएं, ताकि घायल और बीमार गोवंश का आपातकालीन उपचार किया जा सके तथा सड़क दुर्घटनाओं और पशुओं की पीड़ा को कम किया जा सके।
इस मौके पर मनोहर लाल गांधी, रघुबीर सिंह, रविंद्र कुमार स्वयंसेवी मौजूद रहे।
द रिपब्लिक ट्रस्ट ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस गंभीर मानवीय और पशु कल्याण से जुड़े विषय पर शीघ्र कार्रवाई करेगा।








Author: Polkhol News Himachal








