best news portal development company in india

कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा का पलटवार: अनुराग ठाकुर के विकास कार्यों का रखा लेखा-जोखा, प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

SHARE:

कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा का पलटवार: अनुराग ठाकुर के विकास कार्यों का रखा लेखा-जोखा, प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

हमीरपुर में भाजपा की सामूहिक पत्रकार वार्ता, मेडिकल कॉलेज, सड़कें, बिजली बिल, रोजगार और चुनावी गारंटियों को लेकर सुक्खू सरकार को घेरा

रजनीश शर्मा | हमीरपुर

हमीरपुर के हमीर होटल में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सामूहिक पत्रकार वार्ता में सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस द्वारा अनुराग ठाकुर के कार्यों पर उठाए जा रहे सवालों को “भ्रामक प्रचार” बताते हुए उसका तथ्यों के साथ जवाब देने का दावा किया।

जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर के प्रयासों से सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत 160 सड़कों को स्वीकृति मिली, जिन पर करीब 292 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अलावा नादौन और टौणी देवी क्षेत्र की सड़कों के विकास के लिए 90 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करवाई गई।

पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने कहा कि “एक से श्रेष्ठ” योजना के तहत 500 विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनमें लगभग 12 हजार विद्यार्थी निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा से 12 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिला है। खेल महाकुंभ के माध्यम से एक लाख से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ा गया, जबकि हुनर से शिखर कार्यक्रम के तहत 4,600 महिलाओं को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज, हमीरपुर को धरातल पर लाने का श्रेय अनुराग ठाकुर को जाता है। साथ ही मुख्यमंत्री से सवाल किया कि उनका ड्रीम प्रोजेक्ट बताया गया स्पाइस पार्क आज तक क्यों साकार नहीं हो पाया।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र सिंह राणा ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के निर्माण में वर्तमान सरकार ने टेंडर प्रक्रिया को शर्तों में उलझा दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब चंबा और नाहन के मेडिकल कॉलेज नई इमारतों में स्थानांतरित हो चुके हैं, तो हमीरपुर मेडिकल कॉलेज अब तक नई बिल्डिंग में क्यों नहीं पहुंचा।

राजेंद्र राणा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार अपनी चुनावी गारंटियों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने बिजली के बढ़ते बिलों, विभिन्न प्रकार के सेस लगाए जाने और टैक्स के बोझ को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि जनता पर आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि हमीरपुर जिले के लिए सरकार ने अब तक कौन-सा बड़ा विकास प्रोजेक्ट दिया है।

पत्रकार वार्ता में विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर, अजय रिंटू, कार्यालय सचिव होशियार सिंह सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now