
छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौट रहे सैनिक की ट्रेन के बाथरूम में मिली लाश, परिवार में मातम
पोल खोल न्यूज। गुरदासपुर
फोन की लोकेशन ट्रेस होने के बाद जोधपुर रेलवे स्टेशन पर जांच की गई सेना जवान की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।पंजाब के गुरदासपुर जिले के कलानौर क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। छुट्टी समाप्त होने के बाद ड्यूटी पर लौट रहे सेना के जवान का शव ट्रेन के बाथरूम से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक जवान की पहचान सिपाही प्रशरण सिंह के रूप में हुई है, जो 9 पंजाब सिख रेजिमेंट में तैनात थे और मेरठ में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
जानकारी के अनुसार प्रशरण सिंह छुट्टी बिताने के बाद ट्रेन से वापस ड्यूटी पर जा रहे थे। परिवार ने बताया कि दो दिन पहले वह मुकेरियां से ट्रेन में सवार हुए थे। देर रात जब परिजनों ने उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो उनका फोन नहीं उठा। इसके बाद परिवार की चिंता बढ़ गई और पुलिस की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस करवाई गई।
लोकेशन के आधार पर जोधपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की जांच की गई। चेकिंग के दौरान जवान का शव ट्रेन के बाथरूम से बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि मृतक जवान अपने पीछे पत्नी, सात साल की बेटी और पांच साल के बेटे को छोड़ गए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।



















Author: Polkhol News Himachal








