
घर-घर पहुंच रहे दावेदार, पंचायतों में चुनावी हलचल तेज
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों की घोषणा के इंतजार के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेजी पकड़ने लगी हैं। चुनाव लड़ने के इच्छुक संभावित उम्मीदवार अब जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गए हैं और लोगों को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। आचार संहिता लागू होने से पहले ही विभिन्न स्तरों पर की जा रही तैयारियों ने माहौल को पूरी तरह चुनावी रंग में रंग दिया है।

हमीरपुर जिला में पंचायत प्रधान पद के एक संभावित उम्मीदवार द्वारा फ्री मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित करने की तैयारी ने पूरे क्षेत्र में चर्चा छेड़ दी है। इस पहल को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे जनसेवा से जुड़ा सराहनीय कदम मान रहे हैं, तो वहीं कुछ इसे चुनावी रणनीति के तौर पर देख रहे हैं। आम जनता का मानना है कि इस तरह की पहल से उन्हें सीधे तौर पर लाभ मिल सकता है, जबकि सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस भी तेज हो गई है।

उम्मीदवार द्वारा इस कैंप को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंकी जा रही है। न केवल मेडिकल कैंप आयोजित किया जा रहा है, बल्कि वार्ड के लोगों के लिए चाय-पान की व्यवस्था भी की गई है ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें। उम्मीदवार खुद घर-घर जाकर लोगों को कैंप में आने का निमंत्रण दे रहा है और उनकी समस्याएं भी सुन रहा है।

इसके अलावा कई संभावित उम्मीदवार दंगल मेलो में आम जनता के बीच पहुंच रहे हैं और अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहे हैं। अब देखना यह होगा कि इस तरह के प्रयास चुनावी समीकरणों पर कितना असर डालते हैं।


Author: Polkhol News Himachal








