
बमसन ब्लॉक समिति वार्ड-13 बारी से मोहित शर्मा की दावेदारी: पढ़िए खास इंटरव्यू
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

पंचायती राज संस्थाओं के तहत बमसन ब्लॉक समिति के वार्ड नंबर 13 (बारी) से मोहित शर्मा ने अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। इस वार्ड में बारी और सिकांदर पंचायतें शामिल हैं, जहां बारी के 7 और सिकांदर के 5 वार्डों में मोहित शर्मा एक जाना-पहचाना नाम बन चुके हैं।
इसी सिलसिले में पोल खोल न्यूज कार्यालय में मोहित शर्मा से खास बातचीत की गई। पेश हैं मोहित शर्मा से पोल खोल न्यूज के एडिटर इन चीफ रजनीश शर्मा के साथ हुई बातचीत के प्रमुख अंश सवाल-जवाब के रूप में—

सवाल 1: आपकी शैक्षणिक योग्यता क्या है और वह आपके राजनीतिक जीवन में कैसे मदद करती है?
जवाब: मेरी शैक्षणिक योग्यता ने मुझे समाज को समझने और समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकालने की सोच दी है। पढ़ाई ने निर्णय लेने की क्षमता और लोगों से संवाद करने का आत्मविश्वास बढ़ाया है। मैने बीटेक एमबीए तक पढ़ाई की है।
सवाल 2: पंचायती राज संस्थाओं के लिए चुनाव में उतरने की आपकी प्रेरणा क्या रही और आपने यह रास्ता क्यों चुना?

जवाब: समाज सेवा की भावना बचपन से रही है। लोगों की समस्याओं को करीब से देखा और महसूस किया, इसलिए लगा कि राजनीति के माध्यम से बड़े स्तर पर काम किया जा सकता है। मैं भारतीय सेना के सैनिकों से प्रभावित हूं जो सीमाओं पर तैनात रह देश की सुरक्षा कर रहे हैं। मेरे गुरुजन एवं अध्यापक मेरी प्रेरणा रहे हैं।
सवाल 3: आपके अनुसार एक बीडीसी सदस्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी क्या होती है?
जवाब: बीडीसी सदस्य की सबसे बड़ी जिम्मेदारी अपने क्षेत्र के विकास कार्यों को सही दिशा देना और लोगों की आवाज को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। बीडीसी सदस्य का काम केवल लाइटें लगाना ही नहीं बल्कि जिला एव ब्लॉक से अधिक से अधिक पैसा अपनी पंचायतों को दिलाकर विकास की गति को आगे बढ़ाना भी है।

सवाल 4: क्या आप पहले किसी सामाजिक या राजनीतिक गतिविधि से जुड़े रहे हैं?
जवाब: हां, मैं पहले भी सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहा हूं। लोगों की समस्याओं को हल करने में भागीदारी की है, जिससे मुझे जमीनी अनुभव मिला। मैं अक्सर अपनी सिकांदर एवं बारी पंचायत के लोगों के बीच रहता हूं और दोनों पंचायतों के सभी 12 वार्डों में लोग मुझे खुलकर आशीर्वाद दे रहे हैं

सवाल 5: आपका पेशा क्या है और उससे आपको समाज की किन समस्याओं को समझने में मदद मिली?
जवाब: मेरे पेशे ने मुझे आम लोगों की रोजमर्रा की दिक्कतों को समझने का मौका दिया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि किन क्षेत्रों में सुधार की सबसे ज्यादा जरूरत है। अक्सर लोग सड़क, समतल रास्तों , मिनी लाइब्रेरी, डिस्पेंसरी और परिवहन सुविधा की समस्याएं उठाते हैं। यदि मुझे बीडीसी चुनाव जीत जनता की सेवा करने का मौका मिला तो इन समस्याओं का हल प्राथमिकता से करवाऊंगा।

सवाल 6: आपके जीवन के आदर्श कौन हैं और उनके कौन से गुण आपको सबसे ज्यादा प्रभावित करते हैं?
जवाब: मेरे आदर्श वे लोग हैं जिन्होंने ईमानदारी और समर्पण के साथ समाज की सेवा की है। उनका सादगी भरा जीवन और जनसेवा का भाव मुझे प्रेरित करता है। हमारे दो बार के मुख्यमंत्री रहे प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल , उनके 5 बार के सांसद बेटे अनुराग ठाकुर मेरे आदर्श हैं। कांग्रेस में 6 बार के सीएम रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह भी मेरे आदर्श रहे है।
सवाल 7: अपने क्षेत्र के विकास को लेकर आपका स्पष्ट विजन क्या है?
जवाब: मेरा विजन है कि क्षेत्र में सड़क, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाए और हर गांव तक विकास की समान पहुंच सुनिश्चित हो। विकास के नाम पर पैसे के दुरुपयोग को रोका जाएगा। खास कर बारी पंचायत में करोड़ों रुपए खड्ड में बिना मतलब लगाने का ममाला सामने आया है जोकि चिंताजनक है।
सवाल 8: यदि आप चुनाव जीतते हैं, तो आपकी पहली प्राथमिकता क्या होगी?
जवाब: मेरी पहली प्राथमिकता लोगों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना और लंबित विकास कार्यों को तेजी से पूरा करना होगा। इसके लिए मुझे बीडीओ, जिलाधीश , एमएलए या फिर एमपी , कहीं से भी धन लाना पड़े , मैं लाउंगा। बारी और सिकांदर दोनों पंचायतों के सभी 12 वार्डों में बराबर विकास करवाऊंगा।
सवाल 9: क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या आप किसे मानते हैं और उसका समाधान कैसे करेंगे?
जवाब: क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी सबसे बड़ी समस्या है। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करते हुए प्रशासन के साथ तालमेल बनाकर समाधान किया जाएगा। हर घर तक स्कूटी , बाइक पहुंचे , ऐसे रास्तों की अपग्रेडेशन कार्रवाई जाएगी।
सवाल 10: जनता आपको ही क्यों चुने—आप अपने आप को अन्य उम्मीदवारों से कैसे अलग साबित करते हैं?
जवाब: मैं जमीनी स्तर पर काम करने वाला व्यक्ति हूं। लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझता हूं और समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहता हूं—यही मेरी सबसे बड़ी पहचान है। शिक्षा का अपना महत्व है । शिक्षित प्रतिनिधि बेहतर ढंग से किसी अधिकारी तक क्षेत्र की समस्या रख सकता है और अधिक से अधिक ग्रांट विकास के लिए ला सकता है।
समापन:
मोहित शर्मा ने बातचीत के दौरान आत्मविश्वास के साथ अपने विचार रखे और क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अब देखना यह होगा कि वार्ड नंबर 13 बारी जिसमें बारी और सिकांदर पंचायतें शामिल है, की जनता उनके विजन और कार्यशैली पर कितना भरोसा जताती है।
Author: Polkhol News Himachal








