
प्रेम कुमार धूमल ने दी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं, डॉ. भीमराव अंबेडकर को 135वीं जयंती पर किया नमन
पोल खोल न्यूज़ । हमीरपुर

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने देवभूमि हिमाचल प्रदेश के स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर प्रदेश के सभी भाइयों एवं बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही, उन्होंने भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को आज उनकी 135वीं जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए उनकी उपलब्धियों भरे जीवन को याद किया।

प्रोफेसर धूमल ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका ने देश को एक सशक्त लोकतांत्रिक ढांचा प्रदान किया, जिसमें समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताया और उनके विचार आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर प्रोफेसर धूमल ने कहा कि यह पावन दिवस हमें अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास की याद दिलाता है। हिमाचल प्रदेश का इतिहास वीरता, त्याग और सांस्कृतिक वैभव से परिपूर्ण रहा है। यहां की पवित्र धरा पर अनेक स्वतंत्रता सेनानियों, संतों और महापुरुषों ने जन्म लेकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। हिमाचल की लोक संस्कृति, त्यौहार, भाषा और परंपराएं इसकी पहचान हैं, जो हमें एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देती हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की पवित्र भूमि ने हमें सादगी, मेहनत और सेवा का मार्ग दिखाया है। आज आवश्यकता है कि हम सभी मिलकर प्रदेश के विकास, समृद्धि और खुशहाली के लिए कार्य करें तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत और आत्मनिर्भर हिमाचल का निर्माण करें। प्रोफेसर धूमल ने कामना की कि हिमाचल प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे और हर नागरिक के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।
Author: Polkhol News Himachal








