
कैशियर नहीं, सेक्टर-11 का बड़ा केमिस्ट था निशाने पर
72 घंटे बाद भी आरोपी पकड़ से दूर, रोपड़-बलाचौर का युवक कर रहा था शूटरों की मदद
क्राइम रिपोर्टर | पोल खोल न्यूज/ चंडीगढ़
चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार केमिस्ट में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार शूटरों का असली निशाना कैशियर जानकीदास नहीं, बल्कि सेक्टर-11 का एक बड़ा केमिस्ट था। बताया जा रहा है कि फिरोजपुर के एक व्यक्ति ने उक्त केमिस्ट की हत्या के लिए शूटरों को सुपारी दी थी।
जांच में सामने आया है कि शूटर “कुमार” नाम को लेकर भ्रमित हो गए और गलत पहचान के चलते श्री कुमार केमिस्ट में बैठे जानकीदास को ही अपना टारगेट समझ बैठे। इसके बाद उन्होंने कैश काउंटर पर बैठे जानकीदास पर गोलियां बरसा दीं, जिससे उनकी मौत हो गई।
मामले को 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। हालांकि विभिन्न टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार तीन संदिग्धों के नाम आर्यन, सनी मेहरा और राहुल चौहान सामने आए हैं।
सोशल मीडिया से मिल रही थी मदद
हत्या के बाद दोनों शूटर और उनका एक साथी कजहेड़ी क्षेत्र में कपड़े बदलकर दिल्ली रवाना हो गए थे। जांच में यह भी सामने आया है कि रोपड़-बलाचौर क्षेत्र का एक युवक सोशल मीडिया पर चल रही खबरों के जरिए शूटरों को लगातार अपडेट दे रहा था। बताया जा रहा है कि यह युवक आरोपी राहुल का करीबी दोस्त है।
ऐसे हुई वारदात
13 जून को दोनों शूटर कजहेड़ी के एक होटल से निकलकर ऑटो के माध्यम से सेक्टर-11 पहुंचे। उनका तीसरा साथी बाइक पर अलग से आया था, जिसका काम वारदात के बाद उन्हें मौके से फरार कराना था। पुलिस के अनुसार शूटर पहले कुमार ब्रदर्स की दुकान पर पहुंचे, लेकिन वहां सुरक्षा कर्मी मौजूद होने के कारण लौट गए। इसके बाद वे श्री कुमार केमिस्ट पहुंचे और जानकीदास को निशाना बना दिया।
जांच में चूक की भी चर्चा
सूत्रों का कहना है कि पुलिस की दो अलग-अलग टीमें आरोपियों के एक महत्वपूर्ण लिंक तक पहुंच गई थीं, लेकिन समन्वय की कमी के कारण यह कड़ी हाथ से निकल गई। हालांकि उस संदिग्ध का मोबाइल फोन पुलिस के कब्जे में है और उससे अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
पत्नी का सवाल: मेरे पति को क्यों मारा?
मृतक जानकीदास मूल रूप से रोपड़ क्षेत्र के रहने वाले थे। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया गया। उनकी पत्नी हिना हाल ही में सरपंच चुनी गई हैं। घटना के बाद उन्होंने सवाल उठाया कि उनके पति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, फिर उन्हें क्यों निशाना बनाया गया।
कारोबारियों में दहशत
दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद शहर के व्यापारी और कारोबारी वर्ग दहशत में है। पुलिस को जानकारी मिली है कि कुछ गैंगस्टर इस घटना का हवाला देकर व्यापारियों को धमकी भरे कॉल और वॉयस मैसेज भेज रहे हैं। पुलिस इन धमकियों की भी जांच कर रही है।
Author: Polkhol News Himachal









