
1971 रुपये का टांका लगाते रंगे हाथ पकड़ा गया HRTC ऊना डिपो का कंडक्टर
चंडीगढ़-हमीरपुर एसी बस में आधी सवारियां बिना टिकट मिलीं, विभागीय कार्रवाई शुरू
रजनीश शर्मा | हमीरपुर
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के ऊना डिपो के एक कंडक्टर को यात्रियों के किराये में हेराफेरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया है। डीएम हमीरपुर की चेकिंग टीम ने सोमवार रात करीब 9 बजे डिडवीं टिक्कर के पास चंडीगढ़ से हमीरपुर आ रही निगम की एसी बस को जांच के लिए रोका तो बड़ा खुलासा हुआ।
जांच के दौरान पाया गया कि बस में सफर कर रही लगभग आधी सवारियों के पास टिकट ही नहीं थे, जबकि उन्होंने कंडक्टर को किराये की राशि अदा कर दी थी। रिकॉर्ड की जांच में कंडक्टर द्वारा 1971 रुपये का टांका लगाए जाने का मामला सामने आया।
सूत्रों के अनुसार बस में कुल नौ यात्रियों को ऊना से हमीरपुर तक का टिकट जारी नहीं किया गया था। यात्रियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने किराया कंडक्टर को दे दिया था, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला।
चेकिंग टीम ने मौके पर ही पूरा मामला दर्ज कर लिया तथा संबंधित कंडक्टर के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर विभाग को भेज दी है। निगम प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है।
यात्रियों से अपील
एचआरटीसी प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि बस में सफर के दौरान किराया देने के बाद टिकट अवश्य प्राप्त करें और टिकट को यात्रा समाप्त होने तक अपने पास सुरक्षित रखें। यदि कोई कंडक्टर टिकट जारी नहीं करता है तो इसकी सूचना तुरंत निगम अधिकारियों को दें।
फैक्ट फाइल
🔹 बस : HRTC ऊना डिपो की एसी बस
🔹 रूट : चंडीगढ़ – हमीरपुर
🔹 स्थान : डिडवीं टिक्कर
🔹 समय : रात 9 बजे
🔹 पकड़ी गई हेराफेरी : 1971 रुपये
🔹 बिना टिकट यात्री : 9
🔹 कार्रवाई : विभागीय जांच शुरू
हाइलाइट:
“किराया लिया, टिकट नहीं दिया… डीएम की चेकिंग में खुल गई पोल, HRTC कंडक्टर पर गिरी कार्रवाई की गाज
Author: Polkhol News Himachal








