
रिवालसर में एक ही रात में 5 दुकानों में चोरी: नकदी और कपड़ों पर चोरों का हाथ साफ, व्यापारियों में रोष
रिवालसर बस स्टैंड बाजार में वारदात, खिड़कियां और ताले तोड़कर दुकानें खंगालीं; पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी
पोल खोल न्यूज | रिवालसर
मंडी जिले के रिवालसर बस स्टैंड बाजार में देर रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक पांच दुकानों को निशाना बनाकर सनसनी फैला दी। चोरों ने दुकानों के ताले और खिड़कियां तोड़कर नकदी के साथ-साथ कपड़े भी चोरी कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार चोरों ने मनीष शर्मा की दुकान, लक्की टी स्टॉल, नैना फ्रूट, पाल चिकन कॉर्नर और भाटिया कलेक्शन में सेंध लगाई। अधिकांश दुकानों से नकदी चोरी हुई, जबकि भाटिया कलेक्शन से पैंट-शर्ट सहित कई कपड़े भी चोरी होने की जानकारी सामने आई।
बुधवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों पर पहुंचे तो चोरी का पता चला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
लगातार हुई इस चोरी की घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि रात के समय प्रभावी पुलिस गश्त होती तो चोर इतनी आसानी से वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने जताई चिंता
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रचलन पर भी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं के पीछे नशे के आदी लोगों का हाथ हो सकता है। लोगों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी का दायरा बढ़ाने तथा नियमित रात्रि गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
Author: Polkhol News Himachal








