
हिमाचल में पेंशनरों के लिए जरूरी खबर: अब ‘जीवन प्रमाण’ ऐप से देना होगा लाइफ सर्टिफिकेट
1 जुलाई से 30 सितंबर तक चलेगा जीवन प्रमाण सत्यापन अभियान, घर बैठे भी कर सकेंगे डिजिटल सत्यापन
पोल खोल न्यूज। शिमला
हिमाचल प्रदेश सरकार के वित्त विभाग (कोषागार, लेखा एवं लॉटरी) ने वर्ष 2026-27 के लिए सभी पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को अपना लाइफ सर्टिफिकेट (जीवन प्रमाण पत्र) जमा करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत 1 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक राज्यभर में जीवन प्रमाण पत्र सत्यापन अभियान चलाया जाएगा।
सरकार के निर्देशों के अनुसार सभी पेंशनरों को अपना लाइफ सर्टिफिकेट केवल ‘जीवन प्रमाण’ डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जमा करना होगा। हालांकि, जो पेंशनर चिकित्सकीय कारणों से डिजिटल प्रक्रिया पूरी करने में असमर्थ हैं, उन्हें डॉक्टर द्वारा प्रमाणित मैनुअल लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की अनुमति दी गई है।
वित्त विभाग ने सभी जिला कोषागार एवं उप-कोषागार अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पेंशनरों को इस प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें। पेंशनर अपने नजदीकी कोषागार कार्यालय, बैंक शाखा, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या लोकमित्र केंद्र में जाकर डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जमा कर सकते हैं।
इसके अलावा पेंशनर अपने मोबाइल फोन पर ‘जीवन प्रमाण’ ऐप का उपयोग कर घर बैठे भी अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सत्यापित कर सकते हैं।
वित्त विभाग का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और डिजिटल बनाना है, ताकि पेंशनरों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
Author: Polkhol News Himachal








