
व्हाट्सएप ग्रुप विवाद पहुंचा बड़सर थाना, महिला को गालियां देने और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज
रजनीश शर्मा | हमीरपुर
उपमंडल बड़सर की ग्राम पंचायत कनोह में पंचायत चुनावों के दौरान बनाए गए एक व्हाट्सएप ग्रुप को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला बड़सर थाना पहुंच गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर गाली-गलौज, धमकी और स्त्री लज्जा भंग करने के आरोपों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विजय कुमारी पत्नी राकेश कुमार, निवासी गांव एवं डाकघर कनोह, तहसील बड़सर, जिला हमीरपुर ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान वह प्रधान पद की उम्मीदवार थीं। चुनाव प्रचार के लिए उन्होंने पंचायत के मतदाताओं का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार चुनाव परिणाम आने के बाद वह ग्रुप से सदस्यों के नाम हटाने का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान रात करीब 10:21 बजे उन्होंने एक सदस्य को ग्रुप से हटाया, जिस पर दूसरे सदस्य ने आपत्ति जताई। आरोप है कि इसके बाद एक व्यक्ति ने उन्हें व्हाट्सएप पर अभद्र एवं अशोभनीय संदेश भेजे।
महिला का कहना है कि कुछ देर बाद एक अन्य मोबाइल नंबर से उन्हें फोन आया, जिसमें उन्हें मां-बहन की गालियां दी गईं, उनकी स्त्री लज्जा भंग की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर रही है।
👉 ताजा खबरों और निष्पक्ष अपडेट के लिए जुड़े रहें — पोल खोल न्यूज
Author: Polkhol News Himachal








