best news portal development company in india

सिट-स्टैंड का आखिरी मौका आज दोपहर 2:59:59 बजे तक, बाद में मिलेंगे चुनाव चिन्ह

SHARE:

जिला परिषद के 3 उम्मीदवारों ने पहले दिन वापस लिए नामांकन पत्र

पोल खोल न्यूज़

हमीरपुर जिला की विभिन्न पंचायतीराज संस्थाओं के लिए दाखिल किए गए नामांकन पत्रों को वापस लेने की प्रक्रिया वीरवार से शुरू हो गई। उम्मीदवारों के पास आज शुक्रवार अपराह्न 2:59:59 बजे तक “सिट” होने का अंतिम मौका है। इसके बाद जो प्रत्याशी चुनाव मैदान में बने रहेंगे, उन्हें हाथ की घड़ी, धनुष-बाण, गैस चूल्हा, गाजर, टेलीविजन, तारा, बस सहित अन्य चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

पहले दिन जिला परिषद के कुल 3 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए हैं। एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला परिषद वार्ड नंबर-6 ताल से उम्मीदवार रोहित कुमार और सुरजीत कटोच ने अपने नामांकन वापस ले लिए हैं। उन्होंने बताया कि हमीरपुर उपमंडल के अंतर्गत 5 जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 24 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें से चमनेड़ वार्ड का एक नामांकन पत्र पहले ही रद्द हो चुका था।

वहीं, भोरंज के एसडीएम शशिपाल शर्मा के अनुसार उपमंडल के 4 जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 17 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें से 3 नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए थे। हालांकि वीरवार को किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया।

एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने बताया कि उपमंडल के 4 जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 9 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे, जिनमें से एक नामांकन पत्र रद्द हुआ था। यहां भी पहले दिन किसी उम्मीदवार ने नामांकन वापस नहीं लिया।

उधर, सुजानपुर के एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि उपमंडल के दो जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 7 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं और अभी तक किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया है।

बड़सर की एसडीएम स्वाति डोगरा ने बताया कि उपमंडल के 4 जिला परिषद वार्डों के लिए कुल 12 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे। इनमें बिझड़ी वार्ड के उम्मीदवार यशपाल ने वीरवार को अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया।

अब सभी की निगाहें आज दोपहर तक की स्थिति पर टिकी हुई हैं, क्योंकि नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होते ही चुनावी मुकाबले पूरी तरह साफ हो जाएंगे और प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे।

 


Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now