best news portal development company in india

नशा मुक्त युवा, खेलों को बढ़ावा और गांव विकास का विजन लेकर मैदान में उतरे संजय कुमार (संजू), उप प्रधान पद के चुनाव में मिल रहा भारी जनसमर्थन

SHARE:

नशा मुक्त युवा, खेलों को बढ़ावा और गांव विकास का विजन लेकर मैदान में उतरे संजय कुमार (संजू), उप प्रधान पद के चुनाव में मिल रहा भारी जनसमर्थन

रजनीश शर्मा। हमीरपुर

बमसन विकास खंड टौणी देवी की ग्राम पंचायत बारीं से उप प्रधान पद के उम्मीदवार संजय कुमार (संजू) इन दिनों पंचायत चुनाव में एक मजबूत और लोकप्रिय चेहरे के रूप में उभर रहे हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं को नई दिशा देने वाले संजय कुमार वर्षों से क्षेत्र में बास्केटबाल को बढ़ावा देकर सैकड़ों युवाओं को नशे से दूर रखने का कार्य कर रहे हैं। यही कारण है कि पंचायत के हर वार्ड में उन्हें युवाओं, अभिभावकों और बुजुर्गों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।

संजय कुमार का कहना है कि उन्होंने जीवन में कभी नशा नहीं किया और न ही नशा करने वालों को पसंद किया। उनका मानना है कि यदि युवाओं को खेल मैदान और सकारात्मक वातावरण मिले तो वे गलत रास्तों से दूर रह सकते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने अब तक सैकड़ों बच्चों और युवाओं को बास्केटबाल खेल से जोड़ा, जिनमें से कई खिलाड़ी नेशनल स्तर तक पहुंचे हैं।

चुनाव प्रचार के दौरान पंचायत के विभिन्न गांवों में पहुंचने पर युवाओं ने उनका पांव छूकर स्वागत किया और अपने अभिभावकों को बताया कि “यही वह गुरुजी हैं जिन्होंने हमें खेल मैदान में व्यस्त रखकर नशे से दूर रखा और आज हम नेशनल स्तर तक खेल पाए।” युवाओं की यही भावनाएं अब चुनाव में उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बनती दिखाई दे रही हैं।

गांव छत्रैल निवासी संजय कुमार अपने हंसमुख स्वभाव, अनुशासित जीवनशैली और साफ छवि के लिए भी जाने जाते हैं। खेल प्रशिक्षक होने के कारण उन्होंने युवाओं के बीच वर्षों तक काम किया है और हर वर्ग के लोगों से उनका सीधा जुड़ाव रहा है। राजनीतिक अनुभव भले नया हो, लेकिन सामाजिक कार्यों और युवाओं के मार्गदर्शन ने उन्हें पंचायत में एक भरोसेमंद चेहरा बना दिया है।

संजय कुमार ने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो पंचायत के विकास को नई गति दी जाएगी। उन्होंने गांवों के संपर्क रास्तों को अपग्रेड करने, हर घर तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाने, युवाओं के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, महिलाओं और बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान तथा पंचायत में पारदर्शी कार्यप्रणाली लागू करने का वादा किया। उनका कहना है कि पंचायत में विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेंगे बल्कि हर वार्ड में समान रूप से कार्य किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत में खेल मैदानों के सुधार, युवाओं के लिए स्पोर्ट्स कैंप आयोजित करने और नशा निवारण अभियान को और मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ और जागरूक बन सके।

चुनावी माहौल में जिस तरह युवाओं और खेल प्रेमियों का समर्थन संजय कुमार को मिल रहा है, उससे उप प्रधान पद की चुनावी लड़ाई काफी रोचक बनती नजर आ रही है। पंचायत के कई लोगों का मानना है कि इस बार मतदाता ऐसेयू उम्मीदवार को प्राथमिकता देना चाहते हैं जिसने वर्षों तक समाज और युवाओं के बीच रहकर काम किया हो। यही वजह है कि संजय कुमार (संजू) को उप प्रधान पद का एक मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now