
ग्राम पंचायत पौंहज में युवा चेहरे पर बढ़ा भरोसा, विशाल भारती को मिल रहा जनसमर्थन
रजनीश शर्मा। हमीरपुर
ग्राम पंचायत पौंहज में प्रधान पद के युवा प्रत्याशी विशाल भारती को चुनाव प्रचार के दौरान लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। पंचायत के विभिन्न गांवों में लोगों से मिलकर समर्थन मांग रहे विशाल भारती को खासकर युवा वर्ग का अच्छा सहयोग मिल रहा है।
विशाल भारती ने अपने प्रचार अभियान के दौरान कहा कि यदि जनता उन्हें प्रधानसेवक बनने का अवसर देती है तो प्रधान पद पर मिलने वाले मासिक मानदेय 7500 रुपये सहित पांच वर्षों में मिलने वाली लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये की राशि को पंचायत के विकास कार्यों, युवाओं के सशक्तिकरण तथा कौशल विकास गतिविधियों में लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पंचायत में पारदर्शिता, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उनका उद्देश्य पंचायत को विकास की नई दिशा देना और युवाओं को सकारात्मक कार्यों से जोड़ना है ताकि आने वाले समय में युवा वर्ग समाज सेवा की भावना से आगे बढ़ सके।
विशाल भारती ने कहा कि पंचायत में सड़क, स्वच्छता, पेयजल, युवाओं के लिए खेल सुविधाएं तथा सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने लोगों से सहयोग और समर्थन की अपील करते हुए कहा कि पंचायत को भ्रष्टाचार और गलत कार्यों से मुक्त रखना सभी की जिम्मेदारी है।
चुनाव प्रचार के दौरान समर्थकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत में युवा नेतृत्व से विकास कार्यों को नई गति मिल सकती है।





















Author: Polkhol News Himachal









