
हिमाचल में आचार संहिता लागू: तबादलों, भर्तियों और नई घोषणाओं पर रोक, निगरानी तेज
पोल खोल न्यूज़ । शिमला

हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों के मद्देनजर आचार संहिता लागू होते ही प्रदेश में प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों पर कड़ी निगरानी शुरू हो गई है। अब चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले नहीं होंगे और नई भर्तियों पर भी रोक रहेगी।

आचार संहिता के दौरान सरकारी मशीनरी का किसी भी प्रकार से चुनावी लाभ के लिए इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सरकार नई विकास योजनाओं की घोषणा या शिलान्यास नहीं कर सकेगी। हालांकि, पहले से स्वीकृत और जारी परियोजनाओं को जारी रखने की अनुमति दी जा सकती है, ताकि विकास कार्य प्रभावित न हों। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे किसी भी नई योजना या वित्तीय स्वीकृति से बचें।

इस अवधि में सरकारी कार्यक्रमों पर भी रोक रहेगी। विशेष परिस्थितियों में होने वाले कार्यक्रमों की अध्यक्षता अब संबंधित एसडीएम करेंगे, जिससे राजनीतिक हस्तक्षेप रोका जा सके। मेलों और सार्वजनिक आयोजनों को गैर-राजनीतिक स्वरूप में आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

चुनाव प्रचार के दौरान मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों के लिए भी सख्त नियम लागू किए गए हैं। कोई भी मंत्री या पदाधिकारी चुनाव प्रचार के लिए सरकारी वाहनों, स्टाफ या अन्य संसाधनों का उपयोग नहीं कर सकेगा। केवल मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री को सीमित काफिले की अनुमति होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

निर्वाचन आयोग ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। इसके लिए विशेष निगरानी दल और उड़नदस्ते गठित किए जा रहे हैं, जो विभिन्न क्षेत्रों में लगातार नजर रखेंगे। आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठाए गए हैं।

धर्मशाला में नगर निगम चुनाव से पहले टेंडर जारी करने के मामले पर आयोग ने कड़ा संज्ञान लिया है और संबंधित जिलाधिकारी से रिपोर्ट तलब की है।

इन्फो बॉक्स
- तबादलों और नई भर्तियों पर पूरी रोक
- नई योजनाओं की घोषणा और शिलान्यास प्रतिबंधित
- सरकारी संसाधनों का चुनावी उपयोग वर्जित
- मंत्रियों/जनप्रतिनिधियों के लिए सख्त आचार नियम
- निगरानी के लिए विशेष टीमें और उड़नदस्ते सक्रिय
- उल्लंघन पर निर्वाचन आयोग की सख्त कार्रवाई

Author: Polkhol News Himachal









