
हमीरपुर के बेटे रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, JEE Main 2026 में हिमाचल प्रदेश में किया टॉप
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

जिला हमीरपुर के टौणी देवी क्षेत्र के गांव लल्यार (पंजोत) के होनहार छात्र रोहित शर्मा ने JEE Main 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश में स्टेट रैंक-1 हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। रोहित ने ऑल इंडिया स्तर पर भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए AIR 802 प्राप्त की है।

रोहित शर्मा, पुत्र मनोहर लाल और माता रीना कुमारी, ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव, क्षेत्र और जिला हमीरपुर में खुशी की लहर है।

JEE Main के परिणाम में रोहित ने गणित, भौतिकी और रसायन विज्ञान में लगभग परफेक्ट स्कोर हासिल करते हुए कुल 99.9549354 NTA स्कोर प्राप्त किया, जो उनकी असाधारण प्रतिभा को दर्शाता है। रोहित ने यह सफलता बिना किसी कोचिंग के अपनी मेहनत की बदौलत प्राप्त की है ।

रोहित की इस सफलता के पीछे उनके स्कूल डीएवी ग्रयोह के प्रिंसिपल संजीव गुलेरिया का विशेष मार्गदर्शन और सहयोग भी अहम रहा। उनके सही दिशा-निर्देशन ने रोहित को इस ऊंचाई तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रोहित के परिवार और क्षेत्रवासियों ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी। पूरे क्षेत्र में जश्न का माहौल है और लोग रोहित को बधाई देने उनके घर पहुंच रहे हैं।

रोहित शर्मा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लए गर्व का विषय है। उनकी मेहनत और समर्पण ने यह साबित कर दिया कि छोटे गांव से भी बड़े सपने साकार किए जा सकते हैं।

Author: Polkhol News Himachal








