
टपरे पंचायत में प्रदीप कुमार काकू की ऐतिहासिक जीत, 160 वोटों के बड़े अंतर से बने प्रधान
दीपा चौहान हमीरपुर
ग्राम पंचायत टपरे के प्रधान पद के चुनाव में प्रदीप कुमार (काकू) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। प्रदीप कुमार काकू को कुल 395 वोट प्राप्त हुए, जबकि उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 160 वोटों के बड़े अंतर से पराजित कर प्रधान पद पर कब्जा जमाया।
इस जीत को गांव गब्बा और पूरे टपरे पंचायत क्षेत्र के लिए बेहद खास माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब 50 वर्षों बाद गांव गब्बा से किसी उम्मीदवार ने प्रधान पद का चुनाव जीता है, जिससे गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, मिठाइयों और जोरदार नारेबाजी के साथ जीत का जश्न मनाया।
प्रदीप कुमार काकू ने अपनी जीत का श्रेय पंचायत की जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास, पारदर्शिता और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे।
इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में प्रदीप कुमार काकू ने 31 मई (रविवार) को अपने निवास स्थान पर समस्त टपरे पंचायत के लोगों के लिए सामूहिक भोजन का आयोजन किया है। उन्होंने पंचायत के सभी नागरिकों को इस खुशी के अवसर पर शामिल होने और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का निमंत्रण दिया है।
चुनाव परिणाम के बाद पूरे पंचायत क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। समर्थकों का कहना है कि यह जीत केवल एक उम्मीदवार की नहीं, बल्कि पूरे गांव और पंचायत की जीत है। लोगों को उम्मीद है कि प्रदीप कुमार काकू के नेतृत्व में पंचायत विकास के नए आयाम स्थापित करेगी और क्षेत्र की समस्याओं का प्रभावी समाधान होगा।








Author: Polkhol News Himachal








