best news portal development company in india

ग्राउंड रिपोर्ट : BDC वार्ड नंबर 13 बारी में “बल्ले” की बल्ले-बल्ले, “सूरज” बरसा रहा आग, “सेब” ने भी बढ़ाई धुकधुकी, त्रिकोणीय मुकाबले की ओर बढ़े कदम

SHARE:

ग्राउंड रिपोर्ट : BDC वार्ड नंबर 13 बारी में “बल्ले” की बल्ले-बल्ले, “सूरज” बरसा रहा आग, “सेब” ने भी बढ़ाई धुकधुकी, त्रिकोणीय मुकाबले की ओर बढ़े कदम

बारी और सिकांदर पंचायतों में चुनावी जंग हुई रोचक, तीनों उम्मीदवारों ने झोंकी पूरी ताकत

रजनीश शर्मा | हमीरपुर

बमसन पंचायत समिति टौणी देवी के अंतर्गत आने वाले बीडीसी वार्ड नंबर 13 बारी और सिकांदर में चुनावी मुकाबला अब पूरी तरह दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है। शुरुआती दौर में मुकाबला भले ही दो प्रत्याशियों के बीच माना जा रहा था, लेकिन अब तीसरे उम्मीदवार की सक्रियता ने चुनाव को पूरी तरह त्रिकोणीय बना दिया है। यही कारण है कि क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं और हर गली-मोहल्ले में जीत-हार के अलग-अलग समीकरण लगाए जा रहे हैं।

करीब तीन हजार मतदाताओं वाले इस वार्ड में बारी और सिकांदर पंचायतों के कुल 12 वार्ड शामिल हैं। चुनाव मैदान में बारी पंचायत से रीना, सुनील कुमार चौहान और देशराज चौहान अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि सिकांदर पंचायत से मोहित शर्मा अकेले उम्मीदवार हैं।

चुनावी मैदान में सुनील कुमार चौहान के चुनाव चिन्ह “बल्ला” को लेकर समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। गांव-गांव में बल्ले के चौके-छक्कों की चर्चा हो रही है और समर्थक इसे बदलाव का प्रतीक बताकर प्रचार में जुटे हैं। दूसरी ओर मोहित शर्मा का “चढ़ता सूरज” भी लगातार चमक बिखेर रहा है। सिकांदर पंचायत में मोहित की मजबूत पकड़ मानी जा रही है, लेकिन अब वह बारी पंचायत में भी अपनी पैठ बनाने में जुटे हुए हैं।

इसी बीच तीसरे उम्मीदवार देशराज चौहान के चुनाव चिन्ह “सेब” ने भी मुकाबले को और रोमांचक बना दिया है। शुरुआती दौर में अपेक्षाकृत शांत दिख रहे देशराज अब पूरी सक्रियता के साथ प्रचार में उतर चुके हैं। वे अपने पुराने कार्यों और जनसंपर्क को सबसे बड़ा आधार बनाकर वोटरों तक पहुंच रहे हैं। उनके समर्थकों का दावा है कि अंतिम समय में “सेब” बड़ा उलटफेर कर सकता है।

दिलचस्प बात यह भी है कि बारी पंचायत के वार्ड नंबर 4 से ही सुनील कुमार चौहान और देशराज चौहान दोनों चुनाव मैदान में हैं। पिछली पंचायत चुनावों में भी दोनों प्रत्याशी प्रधान पद के लिए आमने-सामने थे, लेकिन वोटों के बिखराव के चलते दोनों को हार का सामना करना पड़ा था। इस बार भी वही समीकरण चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो मोहित शर्मा की स्थिति फिलहाल मजबूत दिखाई दे रही है, क्योंकि सिकांदर पंचायत में उन्हें एकतरफा समर्थन मिलने की चर्चा है। हालांकि सुनील कुमार चौहान लगातार मोहित के प्रभाव वाले क्षेत्रों में सेंधमारी कर रहे हैं और युवा मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने में जुटे हैं। वहीं देशराज चौहान भी अपने अनुभव और पुराने रिश्तों के दम पर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में सफल होते दिख रहे हैं।

कुल मिलाकर बीडीसी वार्ड नंबर 13 का चुनाव अब पूरी तरह रोमांचक हो चुका है। तीनों उम्मीदवारों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है और अब सबकी निगाहें 31 मई को आने वाले नतीजों पर टिकी हुई हैं, जो तय करेंगे कि आखिर वार्ड नंबर 13 की जनता किसे अपना प्रतिनिधि चुनती है।

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now