
घर से मां-बेटा 41.40 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार
पोल खोल न्यूज़ कांगड़ा
नूरपुर के गांव भदरोया में एक घर से मां-बेटे को 41.40 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया है। सिलाई मशीन के स्टैंड के नीचे छिपाकर रखे गए पैकेट से खेप बरामद हुई। नूरपुर के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने प्रेसवार्ता में कहा कि शुक्रवार को नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सीआईए टीम नूरपुर ने दबिश दी थी। आरोपियों की पहचान वनीता देवी (43) निवासी वार्ड 3, भदरोया तहसील इंदौरा व उसके बेटे अमन (24) के रूप में हुई है।
एक अन्य मामले में स्कूटी सवार युवक से 6.70 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। सीआईए नूरपुर की टीम ने भदरोया-कंडवाल सड़क पर एक ढाबे के समीप नाकाबंदी के दौरान स्कूटी सवार युवक को काबू किया। चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार ने घबराकर जेब से एक माचिस की डिब्बी सड़क किनारे फेंक दी। जब डिब्बी की जांच की तो 6.70 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर स्कूटी को भी कब्जे में ले लिया। आरोपी की पहचान विक्रम चौधरी (28) निवासी वार्ड 7 नूरपुर के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना डमटाल में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस जिला नूरपुर इन मामलों की तफ्तीश गहनता से कर रही है ताकि नशा तस्करी के मुख्य स्रोत एवं नेटवर्क का पता लगाया जा सके।











Author: Polkhol News Himachal








