best news portal development company in india

हिमाचल में शिक्षा सुधार: 150 और सरकारी स्कूलों में सीबीएसई लागू, स्काउट-गाइड अब प्राथमिक स्तर तक

SHARE:

हिमाचल में शिक्षा सुधार: 150 और सरकारी स्कूलों में सीबीएसई लागू, स्काउट-गाइड अब प्राथमिक स्तर तक

पोल खोल न्यूज़ । शिमला 

हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्कूली शिक्षा के ढांचे में बड़ा बदलाव करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। अगले शैक्षणिक सत्र से 150 और सरकारी स्कूलों में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) का पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा। इससे प्रदेश में सीबीएसई आधारित शिक्षा का दायरा तेजी से बढ़ेगा और छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के अनुरूप पढ़ाई का अवसर मिलेगा।

शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने सभी जिला उपनिदेशकों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे स्कूलों का चयन किया जाए, जहां सीबीएसई पाठ्यक्रम प्रभावी रूप से लागू किया जा सके। इसके लिए स्कूलों के बुनियादी ढांचे, शिक्षकों की उपलब्धता और अन्य जरूरी मानकों का मूल्यांकन कर प्रस्ताव भेजने को कहा गया है। चयन से पहले स्कूलों का भौतिक सत्यापन भी अनिवार्य होगा।

सरकार पहले ही चालू सत्र में 151 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ चुकी है। इन स्कूलों में पढ़ाई और परीक्षा प्रणाली अब राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप की जा रही है। पहले चरण के सकारात्मक परिणामों को देखते हुए ही अब इसका विस्तार किया जा रहा है। बेहतर क्रियान्वयन के लिए विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति भी की जा रही है, और मई माह में चयनित स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

इसी के साथ शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी जोर दिया है। भारत स्काउट्स और गाइड्स (स्काउट एंड गाइड) कार्यक्रम का विस्तार अब प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों तक किया जाएगा। पहले यह सुविधा केवल उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में ही उपलब्ध थी।

नए निर्देशों के अनुसार सभी प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों के लिए स्काउट एंड गाइड में पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। इसके तहत स्कूलों में विशेष टीमें गठित की जाएंगी, जो बच्चों को आपदा प्रबंधन, सामाजिक सेवा और अनुशासन का प्रशिक्षण देंगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित होंगे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now