
टपरे पंचायत में उपप्रधान पद के लिए पूर्व सैनिक हरनाम चंद शर्मा की मजबूत दावेदारी — विकास, ईमानदारी और नई सोच का वादा
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

हमीरपुर जिला के बमसन विकास खंड की ग्राम पंचायत टपरे में उपप्रधान पद को लेकर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में गांव दरकोटी निवासी पूर्व सैनिक सुबेदार मेजर हरनाम चन्द शर्मा ने अपनी दावेदारी पेश करते हुए पंचायतवासियों से समर्थन और आशीर्वाद की अपील की है।

अपने संदेश में हरनाम चन्द शर्मा ने गांव दरकोटी, गब्बा, झोखर, नौहगीं और टपरे सहित समस्त पंचायत क्षेत्र के लोगों, पूर्व सैनिकों, युवाओं, माताओं, बहनों और बुजुर्गों से अपील करते हुए कहा कि अब समय है एक ईमानदार, अनुभवी और समर्पित नेतृत्व को आगे लाने का। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनका लक्ष्य पंचायत में एकता, विश्वास और विकास को मजबूत करना है।

पूर्व सैनिक होने के नाते अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत के समग्र विकास के लिए नई सोच और मजबूत इरादों के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हर वर्ग को साथ लेकर पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पंचायत के विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

हरनाम चन्द शर्मा ने भावुक अपील करते हुए कहा कि “आपका एक-एक वोट पंचायत के भविष्य की दिशा तय करेगा। आइए, मिलकर टपरे पंचायत को विकास के नए रास्ते पर आगे बढ़ाएं।”

पंचायत में उनकी दावेदारी सामने आने के बाद चुनावी मुकाबला दिलचस्प होता नजर आ रहा है और आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।



Author: Polkhol News Himachal








