
लालसिंगी क्षेत्र में भीषण आग, 30 झुग्गियां जलकर राख, लाखों का नुकसान
पोल खोल न्यूज़ । ऊना

शहर के पुराने होशियारपुर मार्ग स्थित लालसिंगी क्षेत्र में शुक्रवार अपराह्न करीब 11:50 बजे भीषण आग लगने से 30 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। इस हादसे में यूपी और बिहार के मजदूरों की नकदी, कपड़े, राशन और बर्तन सहित पूरा घरेलू सामान जल गया।

अग्निशमन विभाग के अनुसार घटना में करीब 2.90 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है, जबकि लगभग 15 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि एक झुग्गी में लगी आग ने तेजी से अन्य झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवाओं के कारण कुछ ही मिनटों में पूरा क्षेत्र आग की लपटों से घिर गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर तैनात रहीं, जबकि कुल नौ दमकल वाहनों का इस्तेमाल किया गया।

हादसे में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन प्रभावित परिवारों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और क्षेत्र में देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।

फायर स्टेशन अधिकारी सुरेश कुमार के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।

Author: Polkhol News Himachal








