
महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी पर भाजपा का संकल्प, कांग्रेस का चेहरा बेनकाब: राजेंद्र राणा
*हमीरपुर का निर्माणाधीन बस अड्डा बना भ्रष्टाचार का अड्डा: राजेंद्र राणा; बोले – ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचा कर निर्माण सामग्री का मित्रों के भवन बनाने में हो रहा दुरुपयोग*
पोल खोल न्यूज़ । हमीरपुर

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध ने उनके महिला विरोधी चेहरे को देश के सामने उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं की राजनीति में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कृतसंकल्प है और इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

राणा ने कहा कि विपक्ष के रवैये के कारण देश की महिलाओं में गहरा रोष है और आने वाले समय में इसका जवाब उन्हें जनता के बीच मिलेगा। उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि देश अब इस मानसिकता को स्वीकार नहीं करेगा।

बंगाल विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए राणा ने कहा कि पहले चरण में हुई बंपर वोटिंग यह संकेत दे रही है कि जनता ममता सरकार की नीतियों से त्रस्त है। उन्होंने दावा किया कि बंगाल की महिलाओं ने भी अब टीएमसी से दूरी बना ली है और आगामी चुनावों में भाजपा की सरकार बनना तय है।

हमीरपुर में निर्माणाधीन बस अड्डे के मुद्दे को उठाते हुए राणा ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 36 करोड़ रुपये में स्वीकृत परियोजना को बिना किसी डेविएशन के बढ़ाकर लगभग 130 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया गया है, जो भ्रष्टाचार की ओर स्पष्ट संकेत करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार को अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है और निर्माण सामग्री का दुरुपयोग भी हो रहा है। राणा ने कहा कि भाजपा के पास इस संबंध में कई ठोस सबूत हैं, जिन्हें समय आने पर सार्वजनिक किया जाएगा।

राणा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन सरकार के दबाव में काम कर रहा है, जिससे भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार प्रदेश को लूटने में लगी हुई है, जिसे भाजपा जनता के सामने उजागर करेगी।

नगर निगम चुनाव को लेकर राणा ने कहा कि भाजपा पूरी तरह तैयार है, जबकि कांग्रेस चुनावों से बचने का प्रयास कर रही थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के कई नेता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने से कतरा रहे हैं और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरने की योजना बना रहे हैं।

राणा ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की नीतियों से तंग आ चुकी है और आगामी चुनावों में भाजपा को समर्थन देकर करारा जवाब देगी। साथ ही उन्होंने कहा कि देश में कांग्रेस मुक्त भारत का लक्ष्य अब दूर नहीं है।
Author: Polkhol News Himachal








