
मंडी में बुजुर्ग पर बेटे-बहू का जानलेवा हमला, हालत गंभीर
पोल खोल न्यूज़। मंडी

मंडी जिले के लडभड़ोल क्षेत्र की कोलंग पंचायत के डगू गांव में एक शर्मनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे और बहू ने अपने 63 वर्षीय पिता प्रेम सिंह पर दराट और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

पीड़ित के अनुसार, उनके बेटे ने लव मैरिज की है और बहू पहले से शादीशुदा है। घटना उस समय हुई जब प्रेम सिंह ने दोनों को घर के ताले तोड़ते हुए देखा और उन्हें रोकने की कोशिश की। इस पर आरोपी भड़क गए और पीछे से बुजुर्ग के सिर पर भारी वस्तु से वार किया। जमीन पर गिरने के बाद उन्हें दराट और डंडों से बेरहमी से पीटा गया।

पड़ोसियों के आने की आहट मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल बुजुर्ग ने खुद ही 108 एंबुलेंस को कॉल किया, जिसके बाद उन्हें लडभड़ोल सिविल अस्पताल ले जाया गया। उस समय छुट्टी होने के कारण नर्स ने प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जोगिंदरनगर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस चौकी प्रभारी रमेश कुमार ने पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं। वहीं डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इन्फो बॉक्स:
- स्थान: डगू गांव, कोलंग पंचायत, लडभड़ोल (मंडी)
- पीड़ित: प्रेम सिंह (63 वर्ष)
- आरोप: बेटे-बहू द्वारा जानलेवा हमला
- हथियार: दराट और डंडे
- अस्पताल: लडभड़ोल से जोगिंदरनगर रेफर
- कार्रवाई: पुलिस ने मामला दर्ज किया

Author: Polkhol News Himachal









