best news portal development company in india

हिमाचल में प्रशासनिक बदलाव: श्याम भगत नेगी को अस्थायी पुलिस महानिदेशक का कार्यभार

SHARE:

हिमाचल में प्रशासनिक बदलाव: श्याम भगत नेगी को अस्थायी पुलिस महानिदेशक का कार्यभार

पोल खोल न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन की निरंतरता बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कार्मिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी श्याम भगत नेगी को अस्थायी रूप से पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

अधिसूचना के मुताबिक, श्याम भगत नेगी, जो वर्तमान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं, अब पुलिस महानिदेशक के साथ-साथ सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के प्रमुख का अतिरिक्त दायित्व भी संभालेंगे। यह व्यवस्था इसलिए की गई है क्योंकि वर्तमान पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी 23 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक अवकाश पर रहेंगे।

इस अवधि में पुलिस विभाग का कार्य सुचारू रूप से चलता रहे, इसे ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह निर्णय जनहित में लिया है। अधिसूचना के अनुसार, अशोक तिवारी 1 अप्रैल 2026 से पुनः अपने पद का कार्यभार संभालेंगे। उल्लेखनीय है कि श्याम भगत नेगी 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त भी होने जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें: अमृतसर : नशे के केस में  एनसीबी कस्टडी में बीएसएफ जवान की मौत से हड़कंप, परिवार का आरोप—टॉर्चर ने ली जान

वहीं, प्रशासनिक स्तर पर एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय के तहत हिमाचल प्रदेश कैडर के वर्ष 2014 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी अरिंदम चौधरी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर नई दिल्ली स्थित इस्पात मंत्रालय में उप सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, यह नियुक्ति केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत चार वर्षों की अवधि के लिए की गई है, जो उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी। राज्य सरकार को निर्देश दिए गए हैं कि उन्हें तत्काल प्रभाव से वर्तमान दायित्वों से मुक्त किया जाए, ताकि वे शीघ्र नई जिम्मेदारी संभाल सकें।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अधिकारी को तीन सप्ताह के भीतर नए पद पर कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समयसीमा में पदभार ग्रहण न करने की स्थिति में केंद्रीय स्टाफिंग योजना से वंचित करने की कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!

Follow Us Now