

हमीरपुर में पूर्व सैनिकों का सम्मान समारोह : विधायक आशीष शर्मा ने 170 वीरों व सैन्य परिवारों को किया सम्मानित
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने ग्राम पंचायत नाहलवीं और आघार के चार बूथों के पूर्व सैनिकों, सैन्य परिवारों और महिला मंडलों के सम्मान में रविवार को भव्य समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर 170 पूर्व सैनिकों और सैन्य परिवारों के साथ 18 महिला मंडलों को सम्मानित किया गया।

मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण
समारोह के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सामूहिक रूप से सुना। कार्यक्रम में देशभक्ति और समाज सेवा की भावना का विशेष उत्साह देखने को मिला।
“सैनिकों का योगदान अविस्मरणीय”
विधायक आशीष शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि देश सेवा में सैनिकों का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा और इस ऋण को कभी चुकाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि सरहद पर सैनिकों की सतर्कता के कारण ही देशवासी अपने घरों में चैन की नींद सो पाते हैं।

उन्होंने कहा कि हमीरपुर जिला ‘वीरभूमि’ के नाम से जाना जाता है, जहां लगभग हर दूसरे घर से कोई न कोई जवान देश की रक्षा में तैनात है। इस वीरभूमि पर जन्म लेना हम सभी के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
विधायक निधि के कार्यों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने नाहलवीं और आघार पंचायतों में विधायक निधि से करवाए गए विकास कार्यों की भी जानकारी दी। स्थानीय जनता ने इन प्रयासों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
ये रहे उपस्थित
समारोह में मंडल अध्यक्ष ग्रामीण जसवीर सिंह, महामंत्री अश्वनी शर्मा व प्रमोद पटियाल, विधायक की धर्मपत्नी स्वाति जार, ग्राम केंद्र अध्यक्ष रवि, बूथ अध्यक्ष अशोक, गिरधारी लाल, रिखी राम, कुलवीर, कैप्टन अश्वनी कटोच, महिला मोर्चा अध्यक्ष ज्योति बाला, एससी मोर्चा अध्यक्ष कुलवीर सिंह, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष बलवंत सिंह, भाजयुमो जिला अध्यक्ष शुभम और मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष आशीष शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Author: Polkhol News Himachal










