
पुलिस और औषधि विभाग ने 20 फार्मा उद्योगों में की छापामारी, पाई गईं अनियमितताएं
पोल खोल न्यूज़ | शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से शुरू की गई नशामुक्त हिमाचल की पहल को आगे बढ़ाते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस और औषधि विभाग ने बुधवार को पूरे प्रदेश में संयुक्त कार्रवाई की। बता दें कि प्रदेशभर में बंद, स्थायी, अस्थायी रूप से निलंबित और संचालित लाइसेंस वाली कुल 20 दवा निर्माण इकाइयों का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अवैध दवा निर्माण किए जाने पर कार्रवाई अमल में लाई गई। निरीक्षण के दौरान टीमों ने लाइसेंस की वैधता, दस्तावेज, स्टॉक ऑडिट और उत्पादन क्षेत्रों की भौतिक जांच की। साथ ही गोदामों की गहन तलाशी ली गई और पुराना स्टॉक भी जांचा गया।
ये भी पढ़ें: Himachal : पागल कुत्ते ने गाय को काटा, दूध पीने से 17 लोग बीमार
यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न की गई। प्रारंभिक जांच में 4 इकाइयों में अनियमितताएं पाई गईं, जिनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हाल की गुप्त सूचनाओं के आधार पर आशंका जताई गई थी कि कुछ बंद या निलंबित इकाइयां चोरी-छिपे नकली दवाएं, फेक ब्रांडेड उत्पाद और मादक पदार्थों का अवैध निर्माण कर रही हैं। अभियान में ऊना, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर, पुलिस जिला नूरपुर और पुलिस जिला बद्दी की इकाइयों का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे से जुड़े अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य प्रतिबंधित दवाओं के अवैध निर्माण पर रोक लगाना और नशे वाली दवाओं की सप्लाई चेन को तोड़ना है।



Author: Polkhol News Himachal









