
एचआरटीसी चालक-परिचालकों का फूटा गुस्सा, लंबित मांगों को लेकर सरकाघाट और जोगिंद्रनगर में प्रदर्शन
छह वर्षों से लंबित मांगों के समाधान की उठी आवाज, नाइट ऑफ मद और एरियर भुगतान की मांग तेज
पोल खोल न्यूज। सरकाघाट/जोगिंद्रनगर
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालक और परिचालकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर बुधवार को सरकाघाट और जोगिंद्रनगर में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। सरकाघाट में हिमाचल प्रदेश निगम ड्राइवर यूनिट के राज्य उपाध्यक्ष जीवन राणा की अध्यक्षता में गेट मीटिंग आयोजित की गई, जबकि जोगिंद्रनगर बस स्टैंड में चालक-परिचालकों ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी वर्षों पुरानी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। चालक महासंघ के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि चालक-परिचालक पिछले छह वर्षों से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेशभर में चार हजार से अधिक चालक-परिचालकों के नाइट ऑफ मद के रूप में 100 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारियां लंबित हैं। इसके अलावा करोड़ों रुपये के एरियर का भुगतान भी अभी तक नहीं किया गया है।
वहीं परिचालक महासंघ के अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलने से आर्थिक परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में वेतन में देरी से कर्मचारियों और उनके परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उधर, एचआरटीसी धर्मशाला डिवीजन के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने कहा कि चालक-परिचालकों की मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए निगम प्रबंधन गंभीरता से कार्य कर रहा है।
मुख्य मांगें
🔹 लंबित नाइट ऑफ मद राशि का भुगतान
🔹 करोड़ों रुपये के बकाया एरियर जारी किए जाएं
🔹 कर्मचारियों को समय पर वेतन मिले
🔹 वर्षों से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए
Author: Polkhol News Himachal








