
मोदी सरकार के 12 वर्ष: भारत की वैश्विक साख बढ़ी, गरीबों के जीवन में आया बड़ा बदलाव — अनुराग ठाकुर
घोटाला मुक्त शासन, मजबूत अर्थव्यवस्था और सशक्त भारत मोदी सरकार की पहचान: अनुराग सिंह ठाकुर
रजनीश शर्मा । हमीरपुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर कहा कि यह अवधि विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और जनकल्याणकारी उपलब्धियों से भरी रही है। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में भारत की वैश्विक साख मजबूत हुई है और देश ने विश्व मंच पर नई पहचान बनाई है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जल्द ही देश के सबसे लंबे कार्यकाल वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल होने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक सार्वजनिक जीवन में उनके 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं, जो उनकी प्रतिबद्धता और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुई है। गरीबों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार आया है तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है।
ठाकुर ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने देश में क्रांतिकारी बदलाव लाया है। सस्ता डाटा, ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क और 5जी सेवाओं के विस्तार से डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत हुई है। आज लगभग 95 करोड़ लोग डिजिटल भुगतान प्रणाली से जुड़े हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और सामाजिक कल्याण योजनाओं में फर्जीवाड़े पर अंकुश लगा है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 34 हजार करोड़ से अधिक ऋण वितरित किए गए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में लाखों परिवारों को फ्लैट उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग चार करोड़ पक्के मकान बनाए गए हैं। हिमाचल प्रदेश में भी करीब 93 हजार परिवारों को पक्के मकान का लाभ मिला है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया है तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हैं। उन्होंने कहा कि सड़क और आधारभूत ढांचे के विकास से हमीरपुर से चंडीगढ़ की दूरी लगभग तीन घंटे और शिमला की दूरी करीब दो घंटे में तय करना संभव हुआ है।
उन्होंने बताया कि गुरुमुखी एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों को सुविधा मिली है और अंदौरा से कोलकाता तक कम किराये में यात्रा संभव हुई है। इसके अलावा बिलासपुर में एम्स तथा हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज जैसी बड़ी स्वास्थ्य परियोजनाएं भी मोदी सरकार की देन हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राफेल लड़ाकू विमानों और आधुनिक हेलीकॉप्टरों की खरीद कर सेना को और अधिक मजबूत बनाया है। देश का रक्षा उत्पादन 1.20 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है और भारत अब रक्षा उपकरणों का निर्यात करने वाले देशों में शामिल हो रहा है। अंतरिक्ष एवं सैटेलाइट क्षेत्र में भी भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि ईमानदार नेतृत्व देश को नई ताकत देता है और प्रधानमंत्री मोदी आज दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने यूपीए और एनडीए सरकारों की तुलना करते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने देश को घोटाला मुक्त शासन दिया है।
इस दौरान अनुराग ठाकुर ने भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल परियोजना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 तक पूरी होने वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य राज्य सरकार को करना था, लेकिन राज्य सरकार अपने हिस्से की जिम्मेदारी पूरी नहीं कर रही है, जिससे परियोजना प्रभावित हो रही है।
इस अवसर पर भाजपा के कई वर्तमान एवं पूर्व विधायक, पार्टी पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
Author: Polkhol News Himachal








