
जोगिंद्रनगर अस्पताल में मरीजों के लिए सर्जरी प्रक्रिया हुई सरल
पोल खोल न्यूज़ मंडी
अस्पताल में दस लाख से एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन स्थापित
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में दस लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन स्थापित किया गया है। इस नई सुविधा के शुरू होने से अस्पताल में मरीजों के ऑपरेशन अधिक आसान और सुरक्षित हो जाएंगे। सौ बिस्तरों वाले इस अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में आधुनिक मशीनरी के जुड़ने से शल्य चिकित्सा सेवाओं में महत्वपूर्ण सुधार होगा और मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिलेगी।
अब तक संसाधनों की कमी के कारण गंभीर मरीजों के ऑपरेशन में चिकित्सकों को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। पुरानी बेहोशी देने की पद्धति कई बार मेजर सर्जरी के मरीजों के लिए असुविधाजनक भी साबित होती थी। इसके चलते हड्डी और गायनी से जुड़े कई ऑपरेशन भी समय-समय पर स्थगित करने पड़ते थे। नई मशीनरी की स्थापना के बाद अब अस्पताल में विभिन्न प्रकार की शल्य चिकित्सा प्रक्रियाएं अधिक सुगमता से की जा सकेंगी। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डाॅ. प्रसाद और शल्य विशेषज्ञ डाॅ. प्रियल सूद ने बताया कि इस सुविधा से पथरी, हर्निया सहित गायनी और हड्डी से जुड़े ऑपरेशन भी अब आसानी से किए जा सकेंगे। इस आधुनिक मशीनरी को शहर के कारोबारी अशोक सूद और उनके समाजसेवी भाई केआर सूद ने रोटरी क्लब के आह्वान पर उपमंडलीय अस्पताल को उपलब्ध कराया है। इसका सीधा लाभ क्षेत्र के मरीजों को मिलेगा।
वीरवार को अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में इस एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन का शुभारंभ डाॅ. प्रसाद की अगुवाई में किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त चीफ फार्मासिस्ट रामलाल वालिया, कारोबारी अशोक सूद तथा समाजसेवी अजय ठाकुर भी उपस्थित रहे।
बॉक्स
नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के ऑपरेशन थियेटर में लगभग दस लाख की लागत से एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन स्थापित होने के बाद अब मेजर ऑपरेशन और अधिक सरल हो जाएंगे। यह आधुनिक मशीनरी करीब एक माह पूर्व अस्पताल में पहुंची थी, जिसे अब स्थापित कर दिया गया है। इसके साथ ही अस्पताल में बड़े ऑपरेशन पुनः सुचारु रूप से शुरू हो सकेंगे। -डाॅ. विकास नाथ, एसएमओ, नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर






















Author: Polkhol News Himachal








