
सीएम सुक्खू ने 34.31 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन, प्राकृतिक खेती को बताया हिमाचल का भविष्य
पोल खोल न्यूज़ । शिमला

शिमला में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने डॉ. वाईएस परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय से जुड़ी 34.31 करोड़ रुपये की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती हिमाचल का भविष्य है और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में विश्वविद्यालयों की अहम भूमिका है।

मुख्यमंत्री ने औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय, नेरी (हमीरपुर) में 3.63 करोड़ रुपये की लागत से बने 107 छात्रों की क्षमता वाले छात्रावास का उद्घाटन किया। इसके अलावा लाहौल-स्पीति के ताबो में 1.48 करोड़ रुपये की लागत से बने कृषि विज्ञान केंद्र के प्रशासनिक भवन का लोकार्पण भी किया गया।

उन्होंने नेरी महाविद्यालय में 8.57 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वर्किंग वुमन हॉस्टल और खग्गल (हमीरपुर) में 8.68 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले एक अन्य वर्किंग वुमन हॉस्टल की आधारशिला रखी। इन दोनों छात्रावासों में 50-50 महिलाओं के रहने की सुविधा होगी। साथ ही नौणी (सोलन) स्थित मुख्य परिसर में 11.95 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 क्षमता वाले वर्किंग वुमन हॉस्टल का भी शिलान्यास किया गया।

सीएम सुक्खू ने कहा कि राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है और अब तक 2 लाख से अधिक किसान इस योजना से जुड़ चुके हैं, जिनमें से करीब 1.98 लाख को प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश की करीब 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है और लगभग 53.95 प्रतिशत लोग सीधे तौर पर कृषि पर निर्भर हैं, इसलिए किसान हितैषी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हिमाचल प्राकृतिक खेती से उगाई गई फसलों पर देश में सबसे अधिक न्यूनतम समर्थन मूल्य दे रहा है। इस वर्ष प्राकृतिक गेहूं का MSP 60 से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलो, मक्की का 40 से 50 रुपये, पांगी घाटी की जौ का 60 से 80 रुपये और हल्दी का 90 से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति किलो किया गया है। पांगी को राज्य का पहला पूर्ण प्राकृतिक खेती उप-मंडल घोषित किया गया है। साथ ही अदरक को भी पहली बार MSP में शामिल करते हुए 30 रुपये प्रति किलो तय किया गया है।

इसके अतिरिक्त, गाय के दूध का खरीद मूल्य 61 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध का 71 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है।


Author: Polkhol News Himachal








