
लम्वलू में पूरी तरह से सक्रिय हुए सुरेंद्र कुमार शर्मा रिंकू: “जनता का साथ, ईमानदारी से विकास” का दिया भरोसा
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

टौणी देवी विकास खंड की ग्राम पंचायत लम्वलू में उपप्रधान पद के लिए चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं, जहां पूर्व उपप्रधान सुरेंद्र कुमार शर्मा रिंकू एक बार फिर मैदान में उतरकर जनता के बीच अपना विज़न रख रहे हैं। पहले भी पंचायत के उपप्रधान रह चुके सुरेंद्र कुमार शर्मा रिंकू ने अपने अनुभव के आधार पर इस बार विकास और पारदर्शिता को केंद्र में रखते हुए जनसमर्थन मांगा है।

सुरेंद्र कुमार शर्मा रिंकू ने कहा कि पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और पशु औषधालय खोलने के लिए सरकार के समक्ष जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। साथ ही पक्के रास्ते, पीने के पानी की सुचारू व्यवस्था और नालियों का निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा, जिससे ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं में सुधार मिल सके।

उन्होंने पंचायत घर को अतिक्रमण से मुक्त करवाने और उसे जनहित के कार्यों के लिए उपयोगी बनाने की बात कही। इसके अलावा हर पात्र परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। पंचायत में आने वाले हर विकास कार्य के धन का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ जनता और पंचायत सदस्यों के विचार-विमर्श से किया जाएगा।

नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सुरेंद्र कुमार शर्मा रिंकू ने कहा कि चिट्टा और अन्य नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा असामाजिक तत्वों पर सामूहिक रूप से अंकुश लगाया जाएगा। पंचायत को नशा मुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता और सख्त कदम दोनों उठाए जाएंगे। युवाओं के लिए खेल मैदान और ओपन जिम का निर्माण करवाकर उन्हें सकारात्मक दिशा देने का भी संकल्प उन्होंने दोहराया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत के हर निर्णय से जनता को अवगत करवाया जाएगा और किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार सहन नहीं किया जाएगा। विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा और पंचायत में हर व्यक्ति को निष्पक्ष जांच व न्यायपूर्ण निर्णय मिलेगा।

अंत में सुरेंद्र कुमार शर्मा रिंकू ने कहा कि उनकी सोच विकास की होगी, लेकिन अंतिम निर्णय और सहयोग जनता का रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह सत्य और ईमानदारी के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ हमेशा लड़ते रहेंगे और लम्वलू पंचायत को एक आदर्श पंचायत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

Author: Polkhol News Himachal








