
फतेहपुर में सीएम सुक्खू की बड़ी घोषणाएं: भर्ती, उद्योग, महिलाओं व गरीबों को राहत
पोल खोल न्यूज़ । शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के जखबड़ में आयोजित जनसभा में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि 30 जून तक सीबीएसई पाठ्यक्रम वाले सभी स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति पूरी कर दी जाएगी। इसके अलावा फतेहपुर में औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि शाहनहर परियोजना के प्रमुख अभियंता का कार्यालय, जिसे पहले मंडी स्थानांतरित कर दिया गया था, अब दोबारा फतेहपुर में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने महिला मंडलों को 20-20 हजार रुपये की सहायता और वजीर राम सिंह स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए 50 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।

सीएम ने कहा कि आरडीजी बंद होने से प्रदेश को हर साल 8 से 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष केवल बयानबाजी कर रहा है, जबकि राज्य सरकार जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर नीतियां बना रही है।

उन्होंने बताया कि पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम की शुरुआत की गई है और 151 स्कूलों को सीबीएसई पैटर्न पर लाया गया है। प्राकृतिक रूप से उगाई गई हल्दी को 150 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा।

मछुआरों के लिए मानसून के दौरान प्रतिबंध अवधि में 3,500 रुपये सम्मान राशि दी जाएगी और मछलियों पर रॉयल्टी दर 15 प्रतिशत से घटाकर 1 प्रतिशत कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एक लाख से अधिक अति गरीब परिवारों की पहचान की जा चुकी है और ‘अपना परिवार-सुखी परिवार योजना’ के तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह पेंशन और 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी।

पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने उम्मीदवार घोषित नहीं करेगी, क्योंकि यह स्थानीय स्तर के चुनाव हैं और हर व्यक्ति को स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का अधिकार है।
Author: Polkhol News Himachal









