best news portal development company in india

बाबा बालकनाथ के दरबार में आस्था का सैलाब, चैत्र मेले में 8.36 करोड़ का चढ़ावा

SHARE:

बाबा बालकनाथ के दरबार में आस्था का सैलाब, चैत्र मेले में 8.36 करोड़ का चढ़ावा

रजनीश शर्मा । हमीरपुर

बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चैत्र मास मेले आस्था और श्रद्धा के अद्भुत संगम के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। इस दौरान देश-विदेश से उमड़े करीब 12 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा जी के दरबार में शीश नवाकर अपनी मनोकामनाएं मांगीं और दिल खोलकर चढ़ावा अर्पित किया। मंदिर प्रशासन द्वारा की गई गणना के अनुसार इस बार मेले में कुल 8,36,61,366 रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ है, जिससे मंदिर का खजाना भर गया।

श्रद्धालुओं ने नकद राशि के साथ-साथ सोना-चांदी भी अर्पित किया। आंकड़ों के मुताबिक भक्तों ने 170 ग्राम 37 मिलीग्राम सोना और 3318 ग्राम 315 मिलीग्राम चांदी चढ़ाई। इसके अलावा विदेशी मुद्रा में भी भारी मात्रा में चढ़ावा आया, जिसमें इंग्लैंड के 6745 पाउंड, अमेरिका के 15,935 डॉलर, 3,645 यूरो, कनाडा के 15,758 डॉलर, यूएई के 4,445 दिरहम, कुवैती दिनार 641, सिंगापुर डॉलर 67 तथा मलेशिया के 30 रिंगिट शामिल हैं।

कार्यवाहक मंदिर अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मेला पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें मंदिर कर्मचारियों, पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

मेला समाप्त होने के बाद अब बाबा बालकनाथ का दरबार प्रत्येक शनिवार को 24 घंटे खुला रहेगा, जबकि अन्य दिनों में सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे। प्रशासन ने मेला क्षेत्र और आसपास के बाजारों का निरीक्षण भी किया, जिसमें कुछ स्थानों पर गंदगी मिलने पर संबंधित लोगों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now