

खाई में गिरी बोलेरो कैंपर में लगी आग, चालक समेत तीन की दर्दनाक मौत; दो घायल
पोल खोल न्यूज़ । शिमला

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। चिकसा-बाहलीधार सड़क पर शांदल नाले के पास करीब पांच बजे एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी और उसमें आग लग गई। हादसे में चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बोलेरो कैंपर चिकसा गांव की ओर जा रही थी। चालक कपिल देव (41), जो दूध ढुलाई का कार्य करता था, शाम को घर लौटते समय आसपास के गांव के चार लोगों को लिफ्ट देकर साथ ले जा रहा था। इसी दौरान शांदल नाले के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया।
हादसे के दौरान वाहन में तीन महिलाएं, चालक और एक अन्य व्यक्ति सवार थे। बताया जा रहा है कि गिरते समय एक व्यक्ति और एक महिला दरवाजा खोलकर बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे उनकी जान बच गई, जबकि चालक और दो महिलाएं वाहन सहित खाई में गिर गए। खाई में गिरते ही वाहन में आग लग गई, जिससे अंदर फंसे लोगों को बचाया नहीं जा सका।
घटना की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। पुलिस और दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर उपचार के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी पहुंचाया। वहीं, तीनों शवों को कड़ी मशक्कत के बाद सड़क तक लाया गया। शव आग से बुरी तरह झुलस चुके थे।
मृतकों की पहचान कपिल देव (41) निवासी गांव चिकसा, पुष्पा देवी (67) पत्नी विशेषर लाल निवासी गांव मझाली और उर्मिला देवी (40) पुत्री सोहन लाल निवासी गांव मझाली के रूप में हुई है। घायलों में राकेश कुमार (39) और लीला देवी (41), दोनों निवासी गांव चिकसा शामिल हैं।
रामपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Author: Polkhol News Himachal









