

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक द्वारा डूंगी गांव में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता जागरूकता शिविर आयोजित
पोल खोल न्यूज़। हमीरपुर

नाबार्ड के सहयोग से कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखा टिक्कर खतरियां द्वारा ग्राम पंचायत टिक्कर बुहला के अंतर्गत गांव डूंगी में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता से संबंधित एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं तथा डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में शाखा प्रबंधक महेंद्र चौहान ने उपस्थित लोगों को केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री जन सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा किसान क्रेडिट कार्ड (फसल, डेयरी एवं मछली पालन) योजना के माध्यम से मिलने वाली वित्तीय सहायता की जानकारी भी साझा की गई। स्वयं सहायता समूहों को बैंक द्वारा सरल शर्तों पर ऋण उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया।
बैंक द्वारा संचालित ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि आवास ऋण मात्र 7.75 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध है, जबकि जमा राशि पर विशेष योजना के तहत 7.20 प्रतिशत ब्याज दर तिमाही आधार पर प्रदान की जा रही है।
शिविर के दौरान बढ़ते ऑनलाइन और बैंकिंग धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई। लोगों से अपील की गई कि अधिक मुनाफे के लालच में किसी भी अनजान व्यक्ति या योजना पर भरोसा न करें। यदि कोई व्यक्ति ठगी का शिकार होता है, तो वह तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सकता है।
बैंक अधिकारियों ने बताया कि बैंक द्वारा आवास ऋण, वाहन ऋण तथा संपत्ति ऋण सहित विभिन्न प्रकार के ऋण सरल शर्तों पर उपलब्ध करवाए जाते हैं। लोगों से आग्रह किया गया कि वे अपनी आवश्यकताओं के अनुसार बैंक की सेवाओं का लाभ उठाएं।
इस जागरूकता शिविर में बैंक स्टाफ के अतिरिक्त ग्राम सुधार सभा डूंगी, महिला मंडल डूंगी तथा अन्य ग्रामीणों सहित लगभग 50 लोगों ने भाग लिया।

Author: Polkhol News Himachal









