

बिना सहमति अणु कलां में सड़क निर्माण का आरोप, PWD मिनिस्टर को भेजी शिकायत
हमीरपुर जिले के ग्रामीण ने उठाई आवाज
रजनीश शर्मा। हमीरपुर

हमीरपुर जिला के गांव अणु कला (डाकघर…, तहसील व जिला हमीरपुर) निवासी मनजीत सिंह ने अपनी निजी जमीन में बिना सहमति सड़क निर्माण किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री को लिखित शिकायत पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निकाली गई सड़क
शिकायत पत्र के अनुसार वर्ष 1990 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत उनके खेत से सड़क निकाली गई थी। उस समय वे सेना में कार्यरत थे। मनजीत सिंह का कहना है कि उनकी लगभग 3-4 कनाल भूमि पर सड़क का निर्माण कर दिया गया, जबकि उन्होंने इसके लिए कोई सहमति नहीं दी थी।
2015 में रिटायरमेंट के बाद हुआ खुलासा
मनजीत सिंह ने बताया कि वर्ष 2015 में सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद जब वे गांव लौटे तो पाया कि उनकी जमीन का हिस्सा सड़क में चला गया है। उन्होंने सड़क को सीधा करवाने और भूमि की क्षति कम करने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) से संपर्क किया। मौके पर विभागीय अधिकारियों और एसडीओ ने निरीक्षण भी किया।
पीडब्ल्यूडी के नाम करवाई रजिस्ट्री
शिकायतकर्ता के अनुसार उन्होंने सड़क को सीधा करवाने के उद्देश्य से 25 जुलाई 2023 को खसरा नंबर 1220 की भूमि पीडब्ल्यूडी विभाग के नाम रजिस्ट्री कर दी। लेकिन अब विभाग कथित रूप से कह रहा है कि सड़क सीधी नहीं की जाएगी और पुरानी स्थिति ही कायम रहेगी।
धमकाने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी का आरोप
मनजीत सिंह ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी कभी पुलिस लेकर पहुंचते हैं तो कभी एसडीओ मौके पर आकर उन्हें और उनके परिवार को धमकाते हैं। उनका कहना है कि यदि वे आपत्ति उठाते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी जाती है।
मंत्री से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने लोक निर्माण मंत्री से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा जिस उद्देश्य से उन्होंने विभाग के नाम भूमि रजिस्ट्री की थी, उसे अमल में लाते हुए सड़क को सीधा किया जाए। उन्होंने कहा कि पुराना और नया दोनों मार्ग उनकी निजी भूमि (खसरा नंबर 612) में आता है, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है।
इन्फो बॉक्स
बिंदु |
विवरण |
|---|---|
| शिकायतकर्ता | मनजीत सिंह |
| गांव | अणु कला, जिला हमीरपुर |
| मामला | निजी भूमि में बिना सहमति सड़क निर्माण |
| संबंधित योजना | प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना |
| प्रभावित भूमि | लगभग 3-4 कनाल |
| रजिस्ट्री दिनांक | 25 जुलाई 2023 |
| मांग | सड़क सीधी की जाए, निष्पक्ष जांच |
Author: Polkhol News Himachal










