

घनेटा के विद्यालयों के विलय पर विजय अग्निहोत्री ने सुक्खू सरकार को घेरा
पोल खोल न्यूज़ | नादौन/हमीरपुर

घनेटा (जिला हमीरपुर) स्थित डॉ. वाई. एस. परमार राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और राजकीय बालिका उच्च विद्यालय के विलय संबंधी हालिया आदेश पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विजय अग्निहोत्री ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है।
विजय अग्निहोत्री ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के बजाय स्कूलों को आपस में मिलाकर आंकड़ों का खेल खेल रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग विद्यालयों की अपनी पहचान, आवश्यकताएं और छात्र-छात्राओं की सुविधा होती है, जिसे नजरअंदाज कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें :हमीरपुर में राजपूत सभा की बैठक सम्पन्न, 8 मार्च को विरोध रैली का ऐलान
अग्निहोत्री ने कहा कि बालिका विद्यालय का विलय विशेष रूप से चिंताजनक है, क्योंकि इससे बेटियों की शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार आर्थिक कुप्रबंधन के कारण संसाधनों की कमी छिपाने के लिए इस तरह के निर्णय ले रही है।
उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत इस आदेश पर पुनर्विचार करे और स्थानीय अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन समितियों तथा जनप्रतिनिधियों से व्यापक चर्चा के बाद ही कोई अंतिम फैसला लिया जाए। विजय अग्निहोत्री ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जनभावनाओं की अनदेखी की तो भाजपा और स्थानीय लोग लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Author: Polkhol News Himachal









