

99.2 पर्सेंटाइल के साथ पियूष गोंडल ने रचा इतिहास, सिलिकॉन मॉडल स्कूल आलमपुर का नाम किया रोशन
बिंदिया ठाकुर | सुजानपुर

डिस्ट्रिक्ट कांगड़ा से एक बार फिर प्रतिभा की चमक राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई दी है। सिलिकॉन मॉडल स्कूल, आलमपुर के द्वितीय बैच के होनहार छात्र पियूष कौंडल ने जेईई मेन परीक्षा में 99.2 पर्सेंटाइल अंक प्राप्त कर विद्यालय ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।
पियूष कौंडल, सुपुत्र राजीव कौंडल, ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जेईई मेन जैसी राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षा में 99.2 पर्सेंटाइल प्राप्त करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जाती है। इस सफलता ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो सफलता निश्चित है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुधीर डॉड ने पियूष की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि पियूष शुरू से ही एक मेधावी, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित विद्यार्थी रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सीपी ठाकुर और सचिव अमिता ठाकुर ने भी पियूष को बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पियूष भविष्य में भी इसी तरह सफलता की नई ऊँचाइयों को छुएंगे।
ये भी पढ़ें :हमीरपुर से हुंकार: कांग्रेस पर अनुराग का सीधा वार, “भ्रम फैलाना बंद करे सरकार”
समस्त अध्यापकगण ने भी पियूष की मेहनत और लगन की सराहना की। शिक्षकों का कहना है कि यह परिणाम केवल पियूष की मेहनत ही नहीं बल्कि अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय के मार्गदर्शन का भी परिणाम है।
विद्यालय परिवार ने पियूष तथा उनके अभिभावकों को इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। कांगड़ा जिला आज अपने इस होनहार बेटे की सफलता पर गर्व महसूस कर रहा है। पियूष की यह कामयाबी आने वाली पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा बनकर उभरी है — यह संदेश देती हुई कि सपने बड़े देखो, मेहनत उससे भी बड़ी करो, सफलता आपके कदम चूमेगी।

Author: Polkhol News Himachal









