best news portal development company in india

हमीरपुर से हुंकार: कांग्रेस पर अनुराग का सीधा वार, “भ्रम फैलाना बंद करे सरकार”

SHARE:

हमीरपुर से हुंकार: कांग्रेस पर अनुराग का सीधा वार, “भ्रम फैलाना बंद करे सरकार”

रजनीश शर्मा। हमीरपुर

अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस केवल लोगों को भ्रमित करने की राजनीति कर रही है। हमीरपुर में आयोजित भाजपा शहरी निकाय प्रकोष्ठ की कार्यशाला में प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को गुमराह करने की कोशिश अब ज्यादा दिन नहीं चलने वाली।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस मनरेगा का ढिंढोरा पीटती है, लेकिन सच्चाई यह है कि कांग्रेस अपने कार्यकाल में 30 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का बजट भी नहीं दे पाई।उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने मनरेगा का बजट बढ़ाकर 1 लाख 25 हजार करोड़ रुपए से अधिक किया और योजना को पारदर्शी व प्रभावी बनाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस ने योजना शुरू की तो उसमें महात्मा गांधी का नाम तक शामिल नहीं था। कांग्रेस ने योजनाओं के नाम केवल नेहरू-गांधी परिवार तक सीमित रखे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. भीमराव अंबेडकर को कांग्रेस से ज्यादा सम्मान दिया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के 15 करोड़ से अधिक पंजीकृत सदस्य हैं और यह दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है।
उन्होंने शहरी निकाय प्रकोष्ठ से आह्वान किया कि वह आने वाली भाजपा सरकार के लिए शहरों के विकास का ठोस ब्लू प्रिंट तैयार करे।


💰 “तीन साल में 40 हजार करोड़ का कर्ज”

अनुराग ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि तीन वर्षों में 40 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया गया, लेकिन चुनावी दस गारंटियों में से एक भी पूरी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यह पैसा जनता के विकास पर नहीं बल्कि “मित्रों” पर खर्च किया गया और राज्य के संसाधन लुटाए जा रहे हैं।

 विशेष राज्य दर्जा और औद्योगिक पैकेज पर बयान

उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष राज्य का दर्जा कांग्रेस की केंद्र सरकार के समय छीना गया। अनुराग ठाकुर ने याद दिलाया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने हिमाचल को औद्योगिक पैकेज दिया था और उस समय प्रदेश में भी भाजपा की सरकार थी।

 “डबल इंजन सरकार ने हर मांग पूरी की”

उन्होंने कहा कि कोविड काल में जब प्रदेश में डबल इंजन सरकार थी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल की हर मांग को प्राथमिकता दी। सड़कों, रेलवे और स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार ने हजारों करोड़ रुपए दिए। इसके बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जनता को भ्रमित कर रहे हैं कि केंद्र से कुछ नहीं मिल रहा, जो कि पूरी तरह झूठ है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों से प्रदेश आर्थिक संकट में है और जनता अब जवाब मांग रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस के “भ्रमजाल” को तोड़ें और भाजपा की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं।

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now