
अर्की के बाद सिरमौर तलांगना में भीषण अग्निकांड, जिंदा जले छह लोग
पोल खोल न्यूज़ | सिरमौर
हिमाचल प्रदेश के अर्की के बाद जिला सिरमौर के नौहराधार की घंडूरी पंचायत के तलांगना में देर रात भीषण अग्निकांड हुआ है। अग्निकांड में मकान के अंदर सो रहे तीन बच्चों सहित छह लोग जिंदा जल गए हैं। एक व्यक्ति को सुरक्षित बचाया गया गया है। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम माैके के लिए रवाना हुई। बताया जा रहा है कि एलपीजी सिलिंडर फटने से मकान में आग भड़क गई।
उधर, एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने पुष्टि करते हुए बताया कि एक व्यक्ति को घायल अवस्था में रेस्क्यू किया गया है। पुलिस के अनुसार अग्निकांड में विजय सिह, भीम सिंह व मीन सिंह के घर जलकर राख हो गए। इंद्रा देवी पत्नी स्वर्गीय यशवंत सिंह का घर भी जलकर राख हो गया। इस दर्दनाक हादसे में माघी त्योहार मनाए आईं इंद्रा की दो बेटियां, उनके तीन बच्चे और एक दामाद की जिंदा जलकर माैत हो गई।
ये भी पढ़ें :धर्मशाला छात्रा मौत मामला: पुलिस ने कोर्ट में दाखिल की रैगिंग मामले की स्टेटस रिपोर्ट
मृतकों की सूची
- नरेश कुमार(50) पुत्र दुर्गा राम निवासी गांव टपरोली (दामाद)।
- तृप्ता(44 ) पत्नी नरेश कुमार निवासी गांव टपरोली नौहराधार(बेटी)।
- कविता(36) पत्नी लोकेंद्र निवासी गांव कुमड़ा जिकनीपुल नेरवा(बेटी)।
- कृतिका(13) पुत्री लोकेंद्र निवासी गांव विजर देवत नेरवा जिला।
- सारिका(13) पुत्री लोकेंद्र निवासी गांव विजर।
- कार्तिक(3) पुत्र लोकेंद्र निवासी गांव विजर।
वहीं, दूसरा दामाद लोकेंद्र(42) पुत्र जोगेंद्र सिंह निवासी गांव विजर अग्निकांड में घायल हुआ है जिसका सीएचसी नौहराधार में उपचार चल रहा है। लोकेंद्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने ससुराल गांव तलांगना में माघी पर्व में अपनी पत्नी-बच्चों के साथ गया था। साथ ही साली व उसका पति भी आए थे। बुधवार रात करीब 11:00 बजे सभी लोग खाना खाकर सो गए। इसके बाद सुबह करीब 3:00 बजे कमरे में धुआं फेल गया और रसोई में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद मकान में आग लग गई। इसके अतिरिक्त इंद्रा देवी की पशुशाला में भी आग लग गई, जिसमें 2 गाय व 1 बछड़ी भी जिंदा जल गईं।
Author: Polkhol News Himachal









