best news portal development company in india

Sirmour : केंद्रीय कारागार नाहन में कैदी की अचानक मौत, सुबह करता था व्यायाम

SHARE:

Sirmour : केंद्रीय कारागार नाहन में कैदी की अचानक मौत, सुबह करता था व्यायाम

पोल खोल न्यूज़ | सिरमौर

आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन में सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद एक कैदी की मौत हो गई। एक ही महीने के भीतर सजा काट रहे कैदी की मौत का दूसरा मामला सामने आया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।

जेल प्रबंधन के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10:00 बजे यहां एनडीपीएस के मामले में सजा काट रहे तीपेंद्र सिंह (46) निवासी गढ़वाल, उत्तराखंड की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे तुरंत जेल की डिस्पेंसरी में लाया गया। रक्तचाप कम होने पर उसे मेडिकल काॅलेज नाहन लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस थाना नाहन की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ये भी पढ़ें : आलीशान भवन और जेसीबी सहित नशा तस्कर की 6.34 करोड़ की संपत्ति जब्त

खबर लिखे जाने तक कैदी के परिवार से कोई व्यक्ति नहीं पहुंचा था, ऐसे में पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा। आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन के जेल अधीक्षक भानू प्रकाश ने बताया कि तीपेंद्र सिंह सितंबर में ही मंडी जेल से यहां भेजा गया था। उसे सुंदरनगर में एनडीपीएस के एक मामले में डेढ़ साल की सजा सुनाई गई थी। अपनी आधे से ज्यादा सजा वह मंडी जेल में काट चुका था और यहां से कुछ ही महीनों में रिहा होने वाला था। उन्होंने बताया कि कैदी का व्यवहार अच्छा था। वह प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे उठ जाता था और व्यायाम करता था। इतना ही नहीं, अन्य कैदियों को भी व्यायाम को लेकर प्रेरित करता था। सोमवार सुबह भी उसने अपनी नियमित दिनचर्या के अनुसार व्यायाम किया। इसके बाद 9:00 बजे अच्छे से चावल आदि का नाश्ता किया। लेकिन अचानक 10:00 बजे उसने कहा कि उसकी तबीयत बिगड़ गई है।

बता दें कि कैदी की अचानक मौत का एक महीने के भीतर यह दूसरा मामला है। इसी महीने 14 तारीख को भी यहां सजा काट रहे कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी और मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले उसने दम तोड़ दिया था। हत्या के मामले में करीब 18 साल से सजा काट रहे दिल्ली निवासी राजेंद्र सिंह को हड्डियों से संबंधित जांच के लिए गार्द पैदल मेडिकल कॉलेज नाहन ले जा रही थी। इस दौरान अचानक गुन्नूघाट के समीप उसे चक्कर आ गया था। इसके बाद जेल से एंबुलेंस भेजकर उसे तुरंत मेडिकल कालेज एवं अस्पताल नाहन पहुंचाया था, लेकिन बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई थी।

वहीं, डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम होगा। नियमानुसार मामले में न्यायिक जांच होगी।

 

Leave a Comment

best news portal development company in india
best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पढ़ी गई
error: Content is protected !!

Follow Us Now