
हिमाचल प्रदेश 108 व 102 कर्मचारी यूनियन ने हमीरपुर में किया हड़ताल और प्रदर्शन
रजनीश शर्मा | हमीरपुर

हिमाचल प्रदेश 108 व 102 कर्मचारी यूनियन (संबंधित सीटू) ने आज अपनी मांगों को लेकर हमीरपुर में एकदिवसीय हड़ताल और प्रदर्शन किया। पिछली रात 8 बजे से कर्मचारी हड़ताल पर हैं। सुबह अस्पताल परिसर से नारेबाजी के साथ रैली शुरू हुई, जो सचिवालय तक पहुंची।
प्रदर्शनकारियों को सीटू के राष्ट्रीय सचिव डॉ. कश्मीर सिंह ठाकुर और जिला सचिव जोगिंदर कुमार ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 14–15 वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद कर्मचारियों को न न्यूनतम वेतन मिल रहा है, न ओवरटाइम, न ही समय पर वेतन और वेतन पर्ची। ईपीएफ का भी कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं है।
ये भी पढ़ें :आंगनबाड़ी केंद्र चाहड़ में गर्भवती महिलाओं और बच्चों की 2 साल तक देखभाल पर जोर
यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार और कंपनियों की मिलीभगत के कारण श्रम कानून लागू नहीं हो रहे हैं, जबकि उच्च न्यायालय ने कर्मचारियों के पक्ष में निर्णय दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब कर्मचारी देश के कानून के तहत मिलने वाले अधिकार हासिल करने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।
आज के प्रदर्शन को यूनियन अध्यक्ष राजेश कुमार, सचिव अनुपमा और स्माईली ने भी संबोधित किया। उन्होंने न्यूनतम वेतन, ओवरटाइम, समय पर वेतन अदायगी और ईपीएफ लागू करने की मांग दोहराई। इस अवसर पर अमित, मनोज, सुनील, पंकज, नरेश, अनीता, प्रदीप, कुलदीप सहित सभी कर्मचारियों ने भाग लिया और मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।


Author: Polkhol News Himachal









