
पंडोह बांध से पानी छोड़ने पर ब्यास में बढ़ा जल स्तर
पोल खोल न्यूज़ शिमला
पंडोह में नए पुल के निर्माण कार्य की साइट तक पहुंचा पानी
मंडी में नए पुल के निकट अस्थायी पार्किंग तक भी पहुंच गया पानी
प्रशासन ने फोन के माध्यम से वाहन मालिकों को सूचना देकर सतर्क किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पंडोह (मंडी)। हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड की लारजी जलविद्युत परियोजना के जलाशय में रविवार से फ्लशिंग प्रक्रिया शुरू हो गई। बांध के गेट सुबह 6 बजे खोलकर करीब 30 हजार क्यूसिक पानी ब्यास नदी में छोड़ा गया। इसके चलते ब्यास-सतलुज लिंक परियोजना के पंडोह स्थित जलाशय में पानी की आमद बढ़ गई, जिसके बाद पंडोह बांध से भी करीब 30 हजार क्यूसिक पानी मंडी की ओर ब्यास नदी में छोड़ा गया। इस दौरान लारजी पावर स्टेशन में बिजली उत्पादन बंद रहा। पंडोह बांध से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण पंडोह में लाल पुल के पास निर्माणाधीन नए पुल की साइट तक पानी पहुंच गया। मंडी शहर में भी ब्यास नदी का जलस्तर बढ़ने से नए पुल के समीप बनी अस्थायी पार्किंग तक पानी पहुंच गया। प्रशासन और संबंधित विभागों ने फोन के माध्यम से वाहन मालिकों को सूचना देकर सतर्क किया, जिसके बाद वाहन चालकों ने अपने वाहन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिए। ब्यास नदी के तेज बहाव के कारण ऐतिहासिक पंचवक्त्र महादेव मंदिर के पास सुकेती खड्ड का प्रवाह प्रभावित हुआ। इसके चलते सुकेती खड्ड में आईटीआई क्षेत्र की ओर जलभराव शुरू हो गया।
कोट्स
लारजी बांध से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के कारण पंडोह बांध में जलस्तर बढ़ गया था। इसी वजह से पंडोह बांध से भी पानी ब्यास नदी में छोड़ा गया। पानी छोड़ने से पहले ब्यास नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया गया था। -सर्वजीत वर्मा, सहायक अभियंता, बीबीएमबी








Author: Polkhol News Himachal








