
एनएच निर्माण कंपनी के सहयोग से कोल्हूसिद्ध मंदिर में डंगे, सीढ़ियों और मुख्य द्वार का निर्माण कार्य शुरू
रजनीश शर्मा | हमीरपुर

हमीरपुर-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-03) के किनारे स्थित प्राचीन एवं प्रसिद्ध बाबा कोल्हूसिद्ध गुफा मंदिर के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। एनएच निर्माण कंपनी के सहयोग से मंदिर परिसर में डंगे (रिटेनिंग वॉल), सीढ़ियों और मुख्य प्रवेश द्वार के निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है।
मंदिर के मुख्य पुजारी रघुबीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि बाबा कोल्हूसिद्ध का यह पावन गुफा मंदिर हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचते हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण के दौरान मंदिर की छत को नुकसान पहुंचा था, जिसे निर्माण कंपनी के सहयोग से पहले ही ठीक करवा दिया गया है। वहीं, नए हाईवे निर्माण के कारण मंदिर का मुख्य द्वार भी प्रभावित हुआ था तथा सड़क के स्तर की तुलना में काफी नीचे रह गया था, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी हो रही थी।
रघुबीर सिंह चौहान ने बताया कि हाईवे इंजीनियर अंकित सिंह स्वयं मंदिर परिसर पहुंचे और आवश्यक निर्माण सामग्री उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उनके निर्देशों के बाद वीरवार से डंगे की खुदाई का कार्य शुरू कर दिया गया है, जबकि आगामी दिनों में सीढ़ियों और मुख्य द्वार के निर्माण कार्य को भी गति दी जाएगी।
इस संबंध में हाईवे इंजीनियर अंकित सिंह ने कहा कि एनएच निर्माण कंपनी सामाजिक और सार्वजनिक हित से जुड़े कार्यों में समय-समय पर सहयोग करती रही है। उन्होंने बताया कि कोल्हूसिद्ध मंदिर के मुख्य द्वार, डंगे और सीढ़ियों के निर्माण में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री निर्माण कंपनी द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर पहुंचने में अधिक सुविधा मिलेगी तथा मंदिर परिसर का स्वरूप भी पहले से अधिक आकर्षक और सुरक्षित बनेगा।



Author: Polkhol News Himachal








