
टिहरा वार्ड चुनाव परिणाम पर बवाल: 45 वोटों से हार के बाद वंदना गुलेरिया ने उठाए सवाल, 154 वोटों के अंतर की निष्पक्ष जांच की मांग
पुनर्गणना की मांग को लेकर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, मतदान और मतगणना आंकड़ों में विसंगति का आरोप
रजनीश शर्मा | हमीरपुर
जिला परिषद टिहरा वार्ड नंबर-34 के चुनाव परिणाम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा समर्थित प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर की पुत्री वंदना गुलेरिया ने मतगणना प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और पुनर्गणना की मांग की है।
मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान वंदना गुलेरिया ने बताया कि टिहरा वार्ड की 19 पंचायतों से प्राप्त एआरओ रिपोर्ट के अनुसार कुल 16,825 वोट पड़े थे। इसके अतिरिक्त 126 ईडीसी (Election Duty Certificate) वोट भी डाले गए थे, जिससे कुल मतदान संख्या 16,951 बनती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना के बाद जारी परिणाम पत्र में कुल 16,797 वोट ही दर्शाए गए हैं। इनमें 16,626 वैध वोट, 115 अवैध वोट और 56 नोटा वोट शामिल हैं। इस प्रकार कुल मतदान और गिने गए मतों के बीच 154 वोटों का अंतर सामने आया है, जो चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।
वंदना गुलेरिया के अनुसार चुनाव परिणाम में विजेता प्रत्याशी अनीता कुमारी को 6,384 वोट, जबकि उन्हें 6,339 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार वह मात्र 45 वोटों के अंतर से चुनाव हार गईं। उनका कहना है कि जब मतों के आंकड़ों में 154 वोटों की कथित विसंगति सामने आ रही है, तो इसकी गंभीरता से जांच होना आवश्यक है।
उन्होंने मांग की कि मतगणना दोबारा करवाई जाए और यह प्रक्रिया चारों प्रत्याशियों अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हो, ताकि किसी प्रकार की शंका या विवाद की गुंजाइश न रहे। साथ ही उन्होंने मतगणना में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की।
परिवारवाद के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए वंदना गुलेरिया ने कहा कि उन्होंने चुनाव में कभी भी अपने पारिवारिक नाम का सहारा नहीं लिया। जनता से उन्होंने अपने कार्य, विकास की सोच और क्षेत्र में किए गए जनसंपर्क के आधार पर समर्थन मांगा था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी की जीत या हार पर सवाल उठाना नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि प्रत्येक मतदाता के वोट का सम्मान बनाए रखने के लिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यकता पड़ने पर पुनर्गणना करवाई जानी चाहिए।
मुख्य बिंदु
टिहरा जिला परिषद वार्ड के चुनाव परिणाम पर उठा विवाद।
वंदना गुलेरिया ने 154 वोटों के अंतर का हिसाब मांगा।
मात्र 45 वोटों से मिली हार के बाद पुनर्गणना की मांग।
उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग।
चारों प्रत्याशियों की मौजूदगी में मतगणना कराने की अपील।
Author: Polkhol News Himachal








