
भुंतर में एयरपोर्ट, शहर में सार्वजनिक शौचालय तक नहीं
पोल खोल न्यूज़ कुल्लू
भुंतर (कुल्लू)। नगर पंचायत भुंतर के वार्ड नंबर पांच में समस्याओं का अंबार है। भुंतर में कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट है। देश-विदेश के पर्यटक भुंतर से ही मनाली और कुल्लू के लिए निकलते हैं। भुंतर नगर पंचायत के वार्ड नंबर पांच में एक भी सार्वजनिक शौचालय तक नहीं है। इससे दिक्कतें उठानी पड़ती हैं।
वहीं वार्ड में निकासी नालियां मिट्टी से भरी पड़ी हैं। इस कारण बारिश का पानी सड़कों पर बहता है। ऐसे में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अभी तक समस्या का समाधान नगर पंचायत की ओर से नहीं किया गया है। सबसे अधिक परेशानी वार्ड में पार्किंग की है। वार्ड में लोगों को अपने वाहनों को खड़ा करने करने के लिए दिक्कतें आती हैं। इसके साथ ही वार्ड में न तो बच्चों को खेलने के लिए मैदान है और न ही कोई पार्क। पार्किंग का भी यहां पर अभाव है। अब नए पार्षदों से वार्ड के बाशिंदों काे उम्मीदें हैं।
निकासी नालियां ठीक न होने से बारिश का सारा पानी सड़कों पर बहता है। नालियों की सफाई का उचित प्रबंध किया जाना चाहिए। नगर पंचायत को इस दिशा में और अधिक काम करने की जरूरत है। इससे लोगों को राहत मिलेगी।
-विपिन सूद, स्थानीय निवासी
…
जिले का प्रवेश द्वार भुंतर है। जिले में आने वाले पर्यटकों को मूलभूत सुविधाएं दी जानी चाहिए लेकिन यहां तो एक अदद सार्वजनिक शौचालय भी नहीं है। वार्ड में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण समय की जरूरत है।












Author: Polkhol News Himachal








