
मुख्यमंत्री द्वारा करोड़ों रुपए की हमीरपुर को सौगात देने के लिए हार्दिक धन्यवाद : डॉ पुष्पेंद्र वर्मा
पोल खोल न्यूज़ । हमीरपुर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने नेरी स्थित कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर एंड फॉरेस्ट्री में लंबे समय से चली आ रही महिलाओं के हॉस्टल की समस्या का समाधान किया है।

उन्होंने बताया कि लगभग 8.57 करोड़ रुपये एवं 8.68 करोड़ रुपये की लागत से दो वर्किंग वूमेन हॉस्टल का शिलान्यास किया गया है। इन हॉस्टलों का शिलान्यास शिमला से किया गया, जिससे प्रदेश भर से यहां पढ़ने आने वाली बेटियों को बड़ी राहत मिलेगी।

डॉ. वर्मा ने कहा कि कॉलेज शहर से थोड़ा दूर स्थित होने के कारण महिला फैकल्टी एवं छात्राओं को आवास एवं यातायात संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। पिछले वर्ष जब माननीय मुख्यमंत्री ने बॉयज हॉस्टल का शिलान्यास किया था तथा उसका उद्घाटन किया, तब उन्हें इस समस्या से अवगत कराया गया था।

उन्होंने मुख्यमंत्री का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन दोनों हॉस्टलों का शिलान्यास महिलाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इसके अतिरिक्त, डॉ. वर्मा ने मुख्यमंत्री का हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के छोटे-छोटे कार्यों के लिए 83 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान करने हेतु भी हार्दिक धन्यवाद किया।



Author: Polkhol News Himachal








